पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना, उनकी शिकायतों का निष्पक्ष समाधान करना और प्रत्येक नागरिक के मन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना पैदा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य के साथ पंचकूला पुलिस जन आधारित सकारात्मक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए अपनी कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी बना रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से थानों एवं पुलिस चौकियों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। इसी कड़ी में बीती शाम डीसीपी अमरिंदर सिंह ने सेक्टर-5 थाना का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिकायतों का समयबद्ध निपटारा और शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने संबंधित एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज एवं जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मुकदमों और शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने तथा प्रत्येक शिकायत पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिसकर्मी प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनें, उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और जांच एवं कार्रवाई की प्रगति से उसे अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि जन आधारित सकारात्मक पुलिसिंग का वास्तविक उद्देश्य जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं को केंद्र में रखकर काम करना तथा पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
शस्त्रागार, मालखाने और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश
थाने के भौतिक निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने शस्त्रागार में रखे हथियारों की जांच की तथा विभिन्न मुकदमों में जब्त वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेख व्यवस्थित रखने और सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्दी और धुंध में फील्ड ड्यूटी करने वाले जवानों की सुरक्षा के लिए वितरित की विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट
आगामी सर्दी एवं धुंध के मौसम में फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीसीपी अमरिंदर सिंह ने अधिकारियों, राइडर एवं अन्य फील्ड ड्यूटी करने वाले जवानों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। ये जैकेट ठंड से बचाव के साथ-साथ कोहरे और कम दृश्यता के दौरान सड़क पर पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट बनाए रखने में भी सहायक होंगी।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 22 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित
पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए डीसीपी ने सराहनीय सेवाएं देने वाले 22 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले पुलिसकर्मी पूरी फोर्स के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित करने से पुलिसकर्मियों में बेहतर कार्य करने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की भावना मजबूत होती है।
पुलिसकर्मियों के बीच केक काटकर मनाया डीसीपी अमरिंदर सिंह ने अपना जन्मदिन
निरीक्षण के दौरान एक आत्मीय पहल के तहत डीसीपी अमरिंदर सिंह ने पुलिसकर्मियों के बीच अपना जन्मदिन भी मनाया। उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस पहल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द, अपनापन और टीम भावना का संदेश दिया।
जनता की भागीदारी और पुलिस की जवाबदेही से ही मजबूत होगा विश्वास का रिश्ता – पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस का लक्ष्य ऐसी जनहितैषी पुलिस व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को सम्मान मिले, उसकी शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान हो। सभी थानों, चौकियों एवं महत्वपूर्ण पुलिस यूनिट्स का नियमित निरीक्षण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास तभी मजबूत होगा, जब पुलिसकर्मी संवेदनशीलता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। जन आधारित पुलिसिंग में जनता की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। आमजन पुलिस पर भरोसा रखें, अपनी समस्याएं निःसंकोच पुलिस के समक्ष रखें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से पूरी फोर्स में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर एसीपी जोगिंदर शर्मा, एसीपी सुरेंद्र सिंह, सेक्टर-5 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप सिंह, संबंधित चौकी इंचार्ज, सभी जांच अधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

