इंदौर: पंजाब ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में तमिलनाडु को 5 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला इंदौर के डेली कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया।
तमिलनाडु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए।
पंजाब की ओर से कप्तान रमनदीप सिंह ने 23 गेंदों पर 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सनवीर सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए। सुखदीप बाजवा ने मात्र 7 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की। कृष्ण भगत ने भी 15 रनों का योगदान दिया।
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी। इस तरह पंजाब ने मुकाबला 5 रनों से अपने नाम कर लिया।
पंजाब की ओर से कार्तिक चड्ढा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। कृष्ण भगत और सुखदीप बाजवा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि उमेश यादव और हरप्रीत बराड़ ने 1-1 विकेट हासिल किया।
अपने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए कार्तिक चड्ढा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस शानदार जीत पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने पंजाब की टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने जिस दृढ़ संकल्प, संघर्ष और टीम भावना के साथ खेल का प्रदर्शन किया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने विशेष रूप से कार्तिक चड्ढा की मैच जिताऊ गेंदबाजी की सराहना की तथा पूरे टीम को टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

