फोटो मतदाता सूचियों की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आज जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लगाए गए विशेष कैंपों का मतदाता सूचियों के ऑब्जर्वर (इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर) विनय बुबलानी, आई ए एस (कमिश्नर रूपनगर डिवीजन) और डिप्टी कमिश्नर आदित्य डचालवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिवालिक पब्लिक स्कूल, फेज-6 मोहाली, शास्त्री मॉडल स्कूल, फेज-1 मोहाली, मानव मंगल स्मार्ट स्कूल (जूनियर), सेक्टर-91 मोहाली और सरकारी हाई स्कूल लांडरां में लगाए गए कैंपों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस रिवीजन के लिए 1 जनवरी 2027 को योग्यता तिथि निर्धारित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि रविवार को विशेष कैंप लगाने का उद्देश्य लोगों को अपनी घरेलू और कामकाजी व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने अथवा पहले से दर्ज विवरणों की जांच और संशोधन करवाने की सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने पात्र नागरिकों, विशेषकर उन युवाओं से, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, अपील की कि वे अपनी वोट अवश्य बनवाएं। इस अभियान के तहत अगला विशेष कैंप 6 दिसंबर को लगाया जाएगा।
उन्होंने कैंपों में प्रारंभिक मतदाता सूचियों की उपलब्धता, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति तथा नागरिकों को दी जा रही सहायता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने में पूरा सहयोग दिया जाए तथा नया वोट बनवाने, विवरणों में संशोधन करवाने अथवा आपत्ति दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में सही जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
डिप्टी कमिश्नर श्री आदित्य डचालवाल ने बताया कि इन विशेष कैंपों के दौरान बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नागरिकों को नया वोट बनवाने, वोट स्थानांतरित करवाने, विवरणों में सुधार करवाने तथा अपात्र वोट कटवाने संबंधी सहायता प्रदान कर रहे हैं। नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम, पता तथा अन्य दर्ज विवरण जांच सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे फॉर्म नंबर 6 के माध्यम से नया वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले से दर्ज विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 तथा किसी दर्ज नाम पर आपत्ति दर्ज करवाने या नाम हटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 का उपयोग किया जा सकता है। कैंपों में उपस्थित बीएलओ नागरिकों को उचित फॉर्म भरने और आवेदन जमा करवाने की प्रक्रिया में सहायता करेंगे।
मतदाता सूचियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए नागरिक जिला चुनाव कार्यालय तथा निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जो नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर चलाना जानते हैं, वे भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी नया वोट बनवाने अथवा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर श्री विनय बुबलानी द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में विचार-विमर्श के लिए पहली दिसंबर को जिले के निर्वाचित प्रतिनिधियों (सांसदों एवं विधायकों) तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक भी की जाएगी।

