चंडीगढ़
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा देशव्यापी अभियान के तहत भाजपा की संविधान विरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ एक विशाल एवं प्रभावशाली ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला गया। यह मार्च राजीव गांधी कांग्रेस भवन, सेक्टर-35, चंडीगढ़ से शुरू हुआ, जिसका नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ प्रभारी श्रीमती रजनी पाटिल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव श्री कमल कांत शर्मा तथा हिमाचल प्रदेश के पर्यटन विभाग के चेयरमैन एवं विधायक श्री आर.एस. बाली विशेष रूप से उपस्थित रहे। मार्च में चंडीगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों, जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मार्च की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस दौरान 26/11 मुंबई आतंकी हमले में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और निर्दोष नागरिकों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और कांग्रेस के झंडे लेकर ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे जोरदार नारे लगाए।

मार्च के दौरान पूरा वातावरण संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के संकल्प से गूंज उठा।
रजनी पाटिल: भाजपा के शासन में संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र नहीं, सरकार की कठपुतली बनकर रह गई हैं
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रभारी श्रीमती रजनी पाटिल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश आज एक बेहद नाजुक और निर्णायक दौर से गुजर रहा है। जिस संविधान ने हर नागरिक को समान अधिकार, न्याय और सम्मान के साथ जीने की गारंटी दी, आज उसी संविधान की मूल भावना पर सुनियोजित हमले किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। भाजपा को न लोकतांत्रिक परंपराओं की परवाह है और न ही संवैधानिक मर्यादाओं की। देश की संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम करने देने के बजाय उन्हें सरकार के दबाव में काम करने वाली कठपुतलियों में तब्दील किया जा रहा है। जिन संस्थाओं पर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी है, उनकी निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।
रजनी पाटिल ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि निष्पक्ष चुनाव, स्वतंत्र संस्थाएं, अभिव्यक्ति की आजादी और नागरिकों के मौलिक अधिकार ही लोकतंत्र की असली पहचान हैं। यदि इन पर हमला होता है तो यह केवल किसी राजनीतिक दल पर हमला नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों पर हमला है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान की रक्षा की इस लड़ाई को हर गांव, हर वार्ड, हर गली और हर घर तक लेकर जाएं। कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर नहीं होने देगी।
एच.एस. लक्की: चंडीगढ़ में वोट चोरी से शुरू हुई भाजपा की संविधान विरोधी राजनीति, अब नगर निगम चुनाव में जनता सिखाएगी सबक
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने भाजपा पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा की वोट चोरी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की राजनीति कोई नई नहीं है। इसकी शुरुआत चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान सामने आई थी, जब लोकतांत्रिक जनादेश के साथ खिलवाड़ कर पूरे देश के सामने लोकतंत्र को शर्मसार किया गया था।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चंडीगढ़ में मेयर चुनाव के दौरान वोटों के साथ हेराफेरी का मामला सामने आया, उसने भाजपा की लोकतंत्र और संविधान के प्रति सोच को पूरी तरह उजागर कर दिया था। यह केवल एक चुनाव में की गई धांधली का मामला नहीं था, बल्कि जनता के जनादेश और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला था।
लक्की ने कहा कि भाजपा को यह गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि वह सत्ता और सरकारी मशीनरी के दम पर जनता की आवाज को दबा सकती है। चंडीगढ़ की जनता सब कुछ देख रही है और भाजपा के शासनकाल में हुए अन्याय, भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के अपमान का पूरा हिसाब मांगेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव में भाजपा और उसके अकाली सहयोगियों को करारी शिकस्त देकर जनता को यह संदेश देना है कि चंडीगढ़ में लोकतंत्र बिकाऊ नहीं है और न ही जनता का जनादेश किसी की जागीर है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान का सिपाही बनकर मैदान में उतरेगा। हमारी लड़ाई किसी पद या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश के संविधान, नागरिकों के अधिकारों और लोकतंत्र की आत्मा को बचाने के लिए है। भाजपा की तानाशाही और वोट चोरी की राजनीति का जवाब जनता अपने वोट की ताकत से देगी।
कमल कांत शर्मा: चंडीगढ़ कांग्रेस का मजबूत संगठन संविधान की रक्षा की लड़ाई को जन आंदोलन बनाएगा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव श्री कमल कांत शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस का संगठन बेहद मजबूत है और पार्टी के कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज का संविधान रक्षा मार्च केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य को बचाने की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। संविधान ने हर नागरिक को बराबरी का अधिकार दिया है और कांग्रेस पार्टी इस अधिकार की रक्षा के लिए हमेशा सबसे आगे खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आज संविधान की रक्षा का संकल्प लेकर सड़कों पर उतरे हैं। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक देश में संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की पूरी तरह बहाली सुनिश्चित नहीं हो जाती।
आर.एस. बाली: बाबा साहेब अंबेडकर ने जिस संविधान से देश को दिशा दी, भाजपा उसी की आत्मा को कुचलने में लगी है
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन विभाग के चेयरमैन एवं विधायक श्री आर.एस. बाली ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज यदि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर हमारे बीच होते, तो देश में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की वर्तमान स्थिति देखकर उन्हें गहरा दुख होता।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े और समाज के हर वर्ग को समान अधिकार तथा सम्मान के साथ जीने का अवसर प्रदान किया। लेकिन आज भाजपा की नीतियां उसी संवैधानिक व्यवस्था की बुनियाद को कमजोर कर रही हैं।
बाली ने कहा कि संविधान किसी एक पार्टी, सरकार या व्यक्ति की संपत्ति नहीं है। यह 140 करोड़ देशवासियों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार है। भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन संविधान और लोकतंत्र देश की स्थायी धरोहर हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों, महात्मा गांधी के सिद्धांतों और पंडित जवाहरलाल नेहरू की लोकतांत्रिक सोच को लेकर संविधान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करती रहेगी।
26/11 के शहीदों को नमन, संविधान और राष्ट्र की एकता की रक्षा का संकल्प
मार्च के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को याद करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, संप्रभुता और एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके साहस और शहादत से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि संविधान पर हमला देश की आत्मा पर हमला है और कांग्रेस पार्टी इस हमले के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। चंडीगढ़ से उठी संविधान रक्षा की यह आवाज देश के कोने-कोने तक पहुंचेगी और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली हर ताकत का लोकतांत्रिक तरीके से डटकर मुकाबला किया जाएगा।
मार्च में शामिल सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा करने तथा भाजपा की कथित संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ जन-जागरण अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया।

