Delhi First Hot Air Balloon: दिल्ली में पहली बार हॉट एयर बैलून का सफल ट्रायल हुआ. जिसे उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने खुद मॉनिटर किया. उम्मीद है कि अगले हफ्ते यह सेवा आम जनता के लिए शुरू हो जाएगी.

दिल्ली में मनोरंजन और टूरिज़्म को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए पहली बार हॉट एयर बैलून का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. राजधानी के प्रसिद्ध बांसेरा पार्क में हुए इस ट्रायल को देखने खुद उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पहुंचे थे. उनके साथ डीडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने बैलून की सुरक्षा और संचालन का बारीकी से निरीक्षण किया.
100 फीट तक उड़ाया गया बैलून
ट्रायल के दौरान हॉट एयर बैलून को करीब 100 फीट की ऊंचाई तक उड़ाया गया. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने फिलहाल इसे 200 फीट तक उड़ाने की अनुमति दी है. लेकिन शुरुआती चरण में सुरक्षा जांच को पुख्ता करने के लिए इसे 100 से 150 फीट तक ही उड़ाया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती टेस्ट पूरी तरह सफल रहे हैं.
डीडीए ने बताया कि अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार चलता रहा तो यह सेवा एक सप्ताह के भीतर आम लोगों के लिए शुरू कर दी जाएगी. फिलहाल ट्रायल के नतीजे उत्साहजनक रहे हैं. यह सेवा सिर्फ बांसेरा पार्क तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिल्ली के 4 प्रमुख स्थानों पर शुरू की जाएगी. आसिता पूर्वी पार, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बांसेरा पार्क, कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज इन जगहों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है, इसलिए लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है.
इतनी होगी राइड की कीमत
अंदाजा है कि हॉट एयर बैलून राइड की कीमत करीब 3500 रुपये रखी जा सकती है. एक बार में 4 लोग बैलून में सवार हो सकेंगे. हर राइड करीब 7 से 12 मिनट तक हवा में रहने का रोमांच देगी.
दिल्ली में मनोरंजन के नए विकल्प तैयार- उपराज्यपाल
ट्रायल के दौरान उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि यह कदम उन वादों को पूरा करता है जिनमें दिल्लीवासियों को नए और रोमांचक मनोरंजन विकल्प देने की बात कही गई थी. उन्होंने बताया कि डीडीए ने कई बड़े पार्क विकसित किए हैं, जहां अब लोग सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि एडवेंचर एक्टिविटीज का भी मजा ले सकेंगे.
दिल्ली में पहली बार मिलेगी ऐसी सुविधा
दिल्ली में हॉट एयर बैलून गतिविधि पहले कभी आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं रही. देश के कुछ पर्यटन की जगह राजस्थान, लोनावाला और गोवा में यह काफी लोकप्रिय है. ऐसे में दिल्ली में इसकी शुरुआत पर्यटन को नई दिशा देगी, खासकर यमुना पार के इलाकों में जहां सरकार नई पर्यटन परियोजनाओं पर काम कर रही है. इससे न सिर्फ लोगों को नया अनुभव मिलेगा, बल्कि पर्यटन बढ़ने से नए रोजगार भी पैदा होंगे.
शनिवार से खुलने की उम्मीद
प्रशासन का कहना है कि अगर मौसम अनुकूल रहा और सभी सुरक्षा अनुमतियां समय पर मिल गईं, तो यह सेवा शनिवार से आम जनता के लिए खोल दी जाएगी. हॉट एयर बैलून का यह सफल ट्रायल दिल्ली को फिर से एक मनोरंजन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

