संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का आज 18 नवंबर को डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर से शुभारंभ हुआ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और उसके बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नितिन नबीन विशेष रूप से संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त करने और गुरु रविदास जी के विचारों को नमन करने के उद्देश्य से डेरा बल्लां पहुंचे। इस अवसर पर संत समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन इस यात्रा के लिए विशेष महत्व रखता है।
यह यात्रा 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चलेगी और पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी पहुंचेगी। 3 दिसंबर को वाराणसी में आयोजित समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होकर यात्रा का स्वागत करने का कार्यक्रम है।

पंजाब में यात्रा का मार्ग
पंजाब में यह यात्रा होशियारपुर, मुकेरियां, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, मालेरकोटला, लुधियाना, रोपड़ और चंडीगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं, सामाजिक दर्शन और मानवतावादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। गुरु रविदास जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे तथा सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया था।
गुरु रविदास जी की कल्पना का ‘बेगमपुरा’ ऐसा आदर्श समाज है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, शोषण या अन्याय न हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान तथा स्वतंत्रता प्राप्त हो।
आज जब समाज अनेक प्रकार की सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, गुरु रविदास जी की शिक्षाएं और भी अधिक प्रासंगिक हो जाती हैं। उनकी विचारधारा हमें सामाजिक समरसता, समानता, न्याय और आपसी भाईचारे के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है।
यह समरसता संकल्प यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु रविदास जी के विचारों को सामाजिक जीवन में आत्मसात करने तथा एक समतामूलक और भेदभावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प है।
आइए, गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर हम सभी उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लें।
गुरु रविदास जी का संदेश — मानवता, समानता और समरसता ही आदर्श समाज की नींव हैं।

