फरीदकोट – फरीदकोट के जैतो शहर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके पति पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने और सबूत मिटाने के आरोप लगे हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब एक वर्ष पहले 17 मई 2025 को जैतो के गौशाला रोड निवासी समीर के साथ हुई थी।
मृतका के भाई फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के गांव कर्मा कंडोरी निवासी विष्णु कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे मायके वालों से मिलने तक नहीं दिया जाता था।
परिवार के अनुसार 7 मई को उन्हें लक्ष्मी की मौत की सूचना मिली। जब वे जैतो पहुंचे तो पता चला कि लक्ष्मी ने एक दिन पहले घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि पति समीर ने मामले को दबाने और सबूत मिटाने की नीयत से जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
थाना जैतो के एएसआई गुरमुख सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पति समीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी के बाद मामले की गहन पूछताछ की जाएगी।

