No menu items!
Thursday, April 30, 2026
spot_img

Latest Posts

रेल ट्रैक पर धमाके में पाकिस्तान का हाथ, ग्रेनेड-IED बरामद; शंभू-अंबाला ब्लास्ट में बड़ा खुलासा

पटियाला- शंभू-अंबाला रेलवे मार्ग पर धमाके में पाकिस्तान का हाथ था। विस्फोट की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए पटियाला पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, हैंड ग्रेनेड और आईईडी बनाने का सामान बरामद किया है।
पुलिस का मानना है कि ये सभी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के इशारे पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब के मुख्य रेल मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़े धमाके करने की साजिश रच रहे थे।

यही आरोपी शंभू-अंबाला रेलवे मार्ग पर हुए विस्फोट में भी शामिल थे। इस घटना में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा था। मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकारवार्ता में डीआईजी कुलदीप सिंह चहल और एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था।
टीमों ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप सिंह खालसा निवासी मानसा, कुलविंदर सिंह बग्गा निवासी मानसा, सतनाम सिंह सत्ता निवासी तरनतारन और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी तरनतारन को गिरफ्तार किया है।
डीआईजी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल, कारतूस, आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान और लैपटॉप बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हथियार और विस्फोटक उन्हें सीमा पार बैठे हैंडलरों की मदद से मिले थे।
पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था प्रदीप खालसा
जांच में यह भी सामने आया है कि मॉड्यूल का सरगना प्रदीप सिंह खालसा है जो खालिस्तानी विचारधारा से प्रभावित है। वह विदेश में बैठे उग्रवादी समूहों और पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था। मलयेशिया के जरिए संपर्क बनाए रखने के लिए आरोपी तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का मकसद पंजाब में दहशत फैलाना और उग्रवाद को दोबारा हवा देना था। इसके लिए वे रेलवे ट्रैक और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।

पूछताछ में सामने आया कि सोमवार रात करीब 8:55 बजे आरोपियों ने शंभू-अंबाला रेलवे मार्ग पर विस्फोट किया। इस संबंध में जीआरपी थाना पटियाला में मामला दर्ज किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पटियाला में छापे मारकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई से बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है।-वरुण शर्मा, एसएसपी पटियाला

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.