Share Market Today: सोमवार की गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में सुधार देखने को मिल रहा है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ ट्रेड करते नजर आए।

Share Market Today: हफ्ते की शुरुआत में सोमवार को आई भारी गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिल रही है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1516.08 अंक यानी 2.09% की बढ़त के साथ 74,212.47 पर खुला। वहीं निफ्टी भी 346 अंक या 1.54% चढ़कर 22,858.65 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत करता नजर आया
सोमवार को बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1836.57 अंक यानी 2.46% टूटकर 72,696.39 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 601.85 अंक या 2.60% गिरकर 22,512.65 पर आ गया था।
आज के टॉप गेनर्स
शुरुआती कारोबार में Shriram Finance, Eicher Motors, Asian Paints और Indigo के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। इसके अलावा ऑटो, बैंकिंग, फार्मा, एनर्जी और पीएसयू बैंक समेत लगभग सभी सेक्टर 1-2% की बढ़त के साथ हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। HDFC Bank के शेयरों में भी मजबूती नजर आई।
तेजी के पीछे की वजहें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने बाजार में सकारात्मक माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों तक ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले को टाल दिया गया है, जिससे निवेशकों में तनाव कम हुआ और भरोसा बढ़ा।
इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 14% से ज्यादा गिरावट आई, जो भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत की खबर है।
इसके अलावा HDFC Bank ने पूर्व चेयरमैन के इस्तीफे के बाद जांच के लिए बाहरी लॉ फर्म्स नियुक्त की हैं, जिसके चलते इसके शेयरों में करीब 2% की रिकवरी देखी गई।
एशियाई बाजारों का हाल
मंगलवार को एशियाई बाजारों में भी तेजी का माहौल रहा। जापान का निक्केई 225 और टॉपिक्स इंडेक्स दोनों बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और कोस्डैक इंडेक्स भी मजबूती में हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 भी हरे निशान में है।
अमेरिकी बाजार का प्रदर्शन
सोमवार को वॉल स्ट्रीट भी बढ़त के साथ बंद हुआ। डाऊ जोन्स 631 अंक चढ़ा, जबकि S&P 500 और नैस्डैक में भी अच्छी तेजी देखने को मिली।

