
पंजाब पुलिस को एक बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि हासिल हुई है, जहां 1994 बैच के 9 पीपीएस अधिकारियों को आईपीएस पद पर पदोन्नति दी गई है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, इन अधिकारियों की नियुक्ति 1994 में डीएसपी के रूप में हुई थी और अब उनके उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें आईपीएस रैंक से नवाजा गया है। पदोन्नत अधिकारियों में मनधीर सिंह, सनेहदीप शर्मा, संदीप गोयल, जसदेव सिंह सिद्धू, संदीप कुमार शर्मा, गुरप्रीत सिंह, रूपिन्द्र सिंह, सर्बजीत सिंह और हरप्रीत सिंह के नाम शामिल हैं। इनमें हरप्रीत सिंह वर्तमान में विजीलेंस ब्यूरो में एआईजी के तौर पर कार्यरत हैं, जबकि संदीप कुमार शर्मा जालंधर कमिश्नरेट में जॉइंट पुलिस कमिश्नर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। यह पदोन्नति पंजाब पुलिस के लिए न सिर्फ गर्व का विषय है, बल्कि विभाग की क्षमता और अनुभव को भी और अधिक मज़बूती देती है।
