हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के लिए जापान की टीम सबसे पहले पहुंचने वाली टीम बनी। टीम 22 अक्टूबर की रात चंडीगढ़ पहुंची, जहां एयरपोर्ट पर उसका पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अगले दिन 23 अक्टूबर की दोपहर मलेशिया की टीम अमृतसर पहुंची, जिसका ढोल-नगाड़ों की थाप और पंजाब के पारंपरिक लोकनृत्य भांगड़ा के साथ स्वागत किया गया। हॉकी इंडिया और पंजाब सरकार के अधिकारियों ने दोनों टीमों की अगवानी की।
बाकी तीन विदेशी टीमों के आगमन का कार्यक्रम:
बांग्लादेश की टीम 23 अक्टूबर को दिल्ली में लैंड करेगी, जहां से वह पंजाब के जालंधर के लिए रवाना होगी, जबकि चीन की टीम 24 अक्टूबर की सुबह 06:25 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। उसी दिन कोरिया की टीम रात 08:55 बजे चंडीगढ़ में लैंड करेगी।
टूर्नामेंट का 9वां संस्करण, हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026, 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में आयोजित किया जाएगा।

