नगर निगम चुनावों को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को निर्णायक गति देते हुए आज पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों के लिए एक विशेष चुनाव प्रबंधन प्रशिक्षण एवं रणनीति बैठक का आयोजन किया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने बैठक में सभी उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने की बारीकियों से अवगत कराया और उन्हें जीत हासिल करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए चुनावी जीत का मंत्र दिया।
एच.एस. लक्की ने उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम का यह चुनाव केवल पार्षद चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के भविष्य, शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और भाजपा के दस वर्षों के शासन के कामकाज का जनमत संग्रह है। भाजपा ने पिछले वर्षों में शहर की जनता को बड़े-बड़े वादों, खोखले नारों और घोषणाओं के अलावा कुछ नहीं दिया। आज शहरवासी बढ़ते टैक्स, महंगी होती सुविधाओं, बदहाल सड़कों, सफाई व्यवस्था की बदहाली, पानी और सीवरेज की समस्याओं तथा नगर निगम की लगातार कमजोर होती आर्थिक स्थिति से परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस चुनाव में केवल विरोध की राजनीति नहीं करेगी, बल्कि जनता के सामने एक सकारात्मक, जनोन्मुखी और विकास आधारित विकल्प पेश करेगी। हमारा लक्ष्य भाजपा की विफलताओं को तथ्यों और आंकड़ों के साथ जनता के सामने रखना और साथ ही यह बताना है कि कांग्रेस नगर निगम को किस तरह जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी संस्था बना सकती है।
उम्मीदवारों को चुनाव प्रबंधन की हर बारीकी समझाई गई
बैठक में एक विशेष प्रेजेंटेशन के माध्यम से उम्मीदवारों और उनके चुनावी सहयोगियों को चुनाव प्रबंधन के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों, चुनावी आचार संहिता, प्रचार अभियान के नियोजन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और मतदान के दिन की तैयारियों तक हर पहलू को विस्तार से समझाया गया।
उम्मीदवारों को निर्देश दिए गए कि नामांकन से संबंधित किसी भी तकनीकी या कानूनी चूक की गुंजाइश न छोड़ी जाए और सभी औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर पूरी की जाएं।
डोर-टू-डोर अभियान होगा कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत
एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस का चुनाव अभियान केवल पोस्टरों, बैनरों और बड़े-बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी का प्रत्येक उम्मीदवार अपने वार्ड के हर घर तक पहुंचेगा, लोगों से सीधा संवाद करेगा और उनकी समस्याओं को सुनेगा। डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से जनता को कांग्रेस की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतना ही कांग्रेस की चुनावी रणनीति का मूल आधार होगा। हर वार्ड में स्थानीय मुद्दों की पहचान कर उनके समाधान का ठोस एजेंडा जनता के सामने रखा जाएगा।
सोशल मीडिया पर भाजपा के दावों और जमीनी हकीकत का होगा पर्दाफाश
बैठक में सोशल मीडिया और डिजिटल प्रचार अभियान को लेकर भी विस्तृत रणनीति तैयार की गई। उम्मीदवारों को फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य डिजिटल माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने के बारे में जानकारी दी गई। पार्टी की नीतियों, उम्मीदवारों के विजन, जनसमस्याओं और भाजपा के दावों तथा जमीनी हकीकत के बीच अंतर को तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
लक्की ने कहा कि आज चुनाव केवल मैदान में नहीं, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लड़ा जाता है। कांग्रेस का प्रत्येक उम्मीदवार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेगा और अपने वार्ड की समस्याओं तथा जनता के सवालों को प्रभावशाली तरीके से उठाएगा।
भाजपा के दस साल के शासन का हिसाब मांगेगी कांग्रेस
एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार जनता के बीच भाजपा के पिछले दस वर्षों के नगर निगम शासन का हिसाब लेकर जाएंगे। जनता को बताया जाएगा कि किस तरह नगर निगम की वित्तीय स्थिति कमजोर हुई, शहर की बुनियादी सुविधाओं पर प्रतिकूल असर पड़ा और नागरिकों पर नए आर्थिक बोझ डालने की कोशिशें हुईं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पानी, सफाई, सड़कों, सीवरेज, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशुओं, डड्डूमाजरा, कॉलोनियों के मालिकाना हक और शहर के समग्र विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। कांग्रेस का अभियान नकारात्मकता पर नहीं, बल्कि तथ्यों, जवाबदेही और समाधान पर आधारित होगा।
उन्होंने उम्मीदवारों से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय, अनुशासन और पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरें। प्रत्येक उम्मीदवार को अपने वार्ड में मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क तैयार करना होगा और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करनी होंगी।
लक्की ने विश्वास जताया कि चंडीगढ़ की जनता भाजपा की नीतियों और नगर निगम की कार्यप्रणाली से निराश हो चुकी है और इस बार बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी, मजबूत संगठन, स्पष्ट विजन और जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी और भाजपा को उसके शासन का जवाब जनता की अदालत में देना होगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में चंद्रमुखी शर्मा, रविंद्रपाली, विक्रम चोपड़ा, अच्छेलाल गौड़, गुरदर्शन सिंह, हरप्रीत जाखू, करनबीर सिंह, संजीव, मीनाक्षी चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, सभी घोषित कांग्रेस उम्मीदवार तथा उनके समर्थक उपस्थित थे।

