No menu items!
Tuesday, November 10, 2026
spot_img

Latest Posts

लुधियाना : मोदी सरकार ने पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से कारीगरों को दी नई पहचान : केवल सिंह ढिल्लों

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों आज भगवान विश्वकर्मा जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर लुधियाना स्थित बाबा विश्वकर्मा भवन पहुंचे और भगवान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इसे अपने लिए अत्यंत सौभाग्य की बात बताया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त कारीगरों, मिस्त्रियों, लोहारों, बढ़इयों और सभी मेहनतकश बहनों-भाइयों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने जरूरतमंदों को सिलाई मशीनें भी वितरित कीं। बाबा विश्वकर्मा भवन की प्रबंधक कमेटी और पदाधिकारियों द्वारा केवल सिंह ढिल्लों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। समारोह में भाजपा के प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव देबी शर्मा, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल, प्रवीण बांसल, अमरजीत सिंह टिक्का, गुरदीप सिंह गोशा, नवल जैन, डॉ. सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हाथों के हुनर और श्रम के सम्मान का दिन-
इस मौके पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह दिन केवल पूजा-अर्चना का नहीं, बल्कि हाथों के हुनर और श्रम के सम्मान का दिन है। भगवान विश्वकर्मा जी को सृष्टि का प्रथम शिल्पकार और इंजीनियर माना जाता है। उनका संदेश स्पष्ट है कि जो अपने हाथों से कुछ रचता है, वही समाज का वास्तविक निर्माता होता है।

उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान ने भी ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ का संदेश दिया है। पंजाब की धरती की पहचान ही मेहनत से है और इस मेहनत की रीढ़ हमारे कारीगर भाई हैं। गांव की गलियों से लेकर बड़े कारखानों तक, हल के फाल से लेकर घर की छत तक, हर जगह किसी न किसी कारीगर के हाथों की छाप दिखाई देती है। उन्होंने अफसोस जताया कि दशकों तक इन हुनरमंद हाथों को केवल बधाइयां मिलीं, लेकिन जरूरी सुविधाएं नहीं मिलीं।

प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इस सोच को बदला है। पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को पहचान पत्र, कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक औजारों के लिए सहायता और सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। मोदी जी का संदेश है कि कारीगर सहायता का मोहताज नहीं, बल्कि देश के निर्माण में बराबर का भागीदार है।
उन्होंने पंजाब के प्रत्येक कारीगर भाई से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस कार्य में उनके साथ खड़ा है। अंत में श्री ढिल्लों ने कहा कि यदि पंजाब को फिर से खुशहाल बनाना है तो इसकी शुरुआत हुनरमंद हाथों के सम्मान से करनी होगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.