पंचकूला के एक स्कूल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मासूम बच्ची पर बेरहमी से हमला किया गया। इस खौफनाक वारदात की CCTV फुटेज सामने आने के बाद हर कोई सन्न है। वीडियो में बच्ची के साथ की गई बर्बरता ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर स्कूल परिसर में बच्ची के साथ ऐसा कैसे हुआ और उस वक्त सुरक्षा व्यवस्था कहां थी?।

पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 9 से 10 साल के एक बच्चे ने महज छह साल की नर्सरी छात्रा पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि बच्चे ने पहले बच्ची को थप्पड़ और लातें मारीं, उसका सिर बेंच पर पटका और फिर ईंट से उसके सिर और चेहरे पर करीब 12 वार किए। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। फिलहाल बच्ची का चंडीगढ़ PGI में इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि 28 अक्टूबर को हुई इस घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को छुट्टी तक नहीं हुई। बच्ची को लेने पहुंचे ऑटो चालक ने जब उसे नहीं पाया तो पिता को सूचना दी। इसके बाद पिता स्कूल पहुंचे और घायल बच्ची क्लासरूम में मिली। घटना की CCTV फुटेज सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर क्लासरूम में इतनी देर तक बच्ची पर हमला होता रहा और किसी को भनक तक क्यों नहीं लगी? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

