उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए प्रदेश की बदलती स्वास्थ्य व्यवस्था का खाका खींचा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थीं और 70 वर्षों में केवल 40 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 81 हो गई है। उन्होंने नर्सिंग को ‘सेवा और संवेदना’ का पेशा बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में शत-प्रतिशत प्लेसमेंट की गारंटी है। सीएम योगी के अनुसार, भारतीय नर्सिंग प्रोफेशनल्स की मांग आज पूरी दुनिया में है, और उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।

