टोक्यो । जापान में शुक्रवार को एक व्यक्ति को फांसी दी गई, जिस पर 2017 में कनागावा प्रान्त में 9 लोगों की हत्या का आरोप था। 34 वर्षीय आरोपी शिराशी ताकाहिरो, जिसे ‘ट्विटर किलर’ कहा जाता था। सिलसिलेवार हत्या के दोषी ताकाहिरो को टोक्यो डिटेंशन हाउस में फांसी दी गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जुलाई 2022 के बाद से जापान में यह पहली फांसी थी और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के प्रशासन के तहत यह पहली फांसी थी।
शुक्रवार की सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, जापान के न्याय मंत्री केसुके सुजुकी ने कहा कि उन्होंने इस फैसले पर काफी सोच-विचार कर फांसी के आदेश पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा ,“यह मामला बहुत ही स्वार्थी मकसद जैसे यौन और पैसों की लालच के चलते हुआ, जिसमें दो महीनों में 9 लोगों की जान गई। इससे पूरे समाज में डर और चिंता का माहौल बन गया। मैं समझता हूं कि यह पीड़ितों और उनके परिवारों दोनों के लिए विशेष रूप से दिल दहला देने वाला मामला है।”