No menu items!
Thursday, September 3, 2026
spot_img

Latest Posts

हकृवि में सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए सेवा सम्मान समारोह आयोजित

  चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में गत तीन माह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए फ्लैचर भवन के सभा कक्ष में सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने 36 सेवानिवृत हुए विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को शॉल तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर के सम्मानित किया।

कुलपति प्रो. काम्बोज ने अपने सम्बोधन में कहा कि विश्वविद्यालय अपने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुभव और प्रेरणादायक मार्गदर्शन के लिए सदैव आभारी रहेगा। विश्वविद्यालय की प्रगति और विकास में उनके अमूल्य योगदान ने एक मजबूत नींव तैयार की है। उन्होंने कहा कि यह सभी के प्रयासों का ही नतीजा है कि विश्वविद्यालय आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। विश्वविद्यालय परिवार उनके सुखद भविष्य की कामना करता है। उन्होंने कहा कि आज हम यहां उन अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान के लिए एकत्रित हुए हैं जिन्होंने अपने लंबे सेवा काल के दौरान विश्वविद्यालय की उन्नति और विकास के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। किसी भी संस्थान की प्रगति केवल भवनों और संसाधनों से नहीं होती, बल्कि वहां कार्य करने वाले समर्पित और कर्मठ लोगों से होती है। कुलपति ने कहा कि सेवा निवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है। यह वह समय है जब व्यक्ति अपने अनुभवों और उपलब्धियों को याद करते हुए जीवन के नए आयामों की ओर अग्रसर होता है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारे सम्मानित अधिकारी और कर्मचारी भविष्य में भी अपने अनुभवों और ज्ञान से समाज और संस्थान को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
         विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक नवीन जैन ने सेवानिवृत हुए कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा इस विश्वविद्यालय के दरवाजे सदैव सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए खुले हैं। वह अपने कार्य के लिए किसी भी समय यहां आ सकते हैं। उन्होंने सेवानिवृत हुए कर्मचारियों को मिलने वाले सभी सेवानिवृति लाभों की विस्तार से जानकारी दी। कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने सेवानिवृत वैज्ञानिकों व कर्मचारियों को बधाई दी, साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य व लम्बी उम्र की कामना की। इस अवसर पर उप वित्त नियंत्रक शोभित कपूर व सहायक कुलसचिव निशा उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.