प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद जी और माँ मातंगी दिव्य धाम जी जामगांव के पूज्य पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज जी के बीच आत्मीय भेंट एवं सार्थक संवाद हुआ। इस दौरान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण तथा विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ. प्रेमासाई महाराज जी ने सोनू सूद जी को आशीर्वाद प्रदान किया तथा छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर उनका अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें माँ मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर माता का आशीर्वाद ग्रहण करने का स्नेहपूर्वक आमंत्रण दिया। सोनू सूद जी ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया।
संवाद के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज जी ने सोनू सूद जी के नेतृत्व में सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे मानवसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने माँ मातंगी दिव्य धाम द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि धाम के माध्यम से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा के निःशुल्क उपचार सहित आध्यात्मिक स्वास्थ्य सेवा, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा जनसेवा के अनेक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
डॉ. प्रेमासाई महाराज जी ने यह भी बताया कि आगामी समय में “माँ मातंगी शिक्षा रत्न” सम्मान प्रारंभ करने के साथ धाम में आने वाले बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा एवं संस्कार की एक घंटे की कक्षाएं प्रारंभ करने की योजना है, जिससे बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव का विकास हो सके।
बस्तर क्षेत्र में जनसेवा कार्यों के विस्तार को लेकर दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम द्वारा यह विश्वास व्यक्त किया गया कि बस्तर क्षेत्र में सूद चैरिटी फाउंडेशन की शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी अंचलों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी जनसेवा गतिविधियों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि सेवा का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
सोनू सूद जी ने भी विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी अंचलों और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए वे अपने चैरिटी कार्यों के माध्यम से निरंतर योगदान देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ही समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
माँ मातंगी दिव्य धाम जी जामगांव और सूद चैरिटी फाउंडेशन भविष्य में सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के साझा उद्देश्य के साथ मिलकर बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी अभियान संचालित करेंगे, जिससे जरूरतमंद नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

