तेहरान । होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिकी नाकेबंदी के बीच आईआरजीसी ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे तनाव फिर बढ़ सकता है। ईरान ने इस अहम समुद्री मार्ग पर सख्त नियंत्रण लागू करने का ऐलान करते हुए जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने का फैसला लिया है। ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका उसके बंदरगाहों को ब्लॉकेड मुक्त नहीं करता, तब तक यह पाबंदी कायम रहेगी। आईआरजीसी ने ये भी कहा है कि उसने अमेरिका-इजरायल और यूके से जुड़े खुफिया नेटवर्क को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। आईआरजीसी के संयुक्त सैन्य कमान ने एक बयान जारी कर दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल अब “पहले जैसी हालत” में लौट आया है।
ईरान के आईआरआईबी ब्रॉडकास्टर के हवाले से दिए गए एक बयान में, आईआरजीसी कमांड ने यूएस पर आरोप लगाया कि यह सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जलमार्ग अब आर्म्ड फोर्सेज के सख्त प्रबंधन और नियंत्रण में है।
इससे पहले ईरान ने संकेत दिए थे कि वह इस मार्ग को खोल सकता है, लेकिन अमेरिका के रवैए को देखते हुए उसने अपना फैसला बदल दिया।
आईआरजीसी कमांड का कहना है कि, “जब तक यूनाइटेड स्टेट्स ईरान से अपनी मंजिल तक जाने और वापस आने वाले जहाजों के लिए आवागमन की पूरी आजादी बहाल नहीं कर देता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट पर सख्त नियंत्रण जारी रहेगा।”

