सुखना लेक पर आयोजित मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में इस बार सेना के हथियारों और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े अनुभव लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। भारतीय सेना के जवानों ने प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों को बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन की ओर से भेजे गए ड्रोन को किस तरह निशाना बनाकर मार गिराया गया। जवानों ने उस समय इस्तेमाल किए गए हथियारों और आधुनिक सैन्य तकनीक की जानकारी भी साझा की।

हथियारों को देखकर बच्चों में दिखा उत्साह: चंडीगढ़ डिफेंस एकेडमी के विद्यार्थियों ने सैन्य हथियारों और उपकरणों को नजदीक से देखा और जवानों से उनके इस्तेमाल को लेकर कई सवाल पूछे। जवानों ने सरल भाषा में बताया कि अलग-अलग सैन्य उपकरण किस तरह काम करते हैं और देश की सुरक्षा में उनकी क्या भूमिका है। गौरतलब है कि चंडीगढ़ डिफेंस एकेडमी के विद्यार्थी नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में दाखिला हासिल करने में सफल हो रहे हैं। ऐसे में सेना के जवानों से सीधा संवाद उनके लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा।

एयर डिफेंस क्षमता की मिली जानकारी: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के ड्रोन से निपटने के लिए इस्तेमाल की गई तकनीक और रणनीति के अनुभव सुनकर लोगों को सेना की एयर डिफेंस क्षमता को करीब से समझने का अवसर मिला। प्रदर्शनी में युवाओं और विद्यार्थियों ने विशेष रुचि दिखाई।

