खरड़: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आगामी पंजाब यात्रा और प्रस्तावित विशाल रैली को सफल बनाने के लिए पंजाब कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पंजाब कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन प्रो. इमैनुएल नाहर की अध्यक्षता में खरड़ में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रैली के लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और गांव, कस्बों तथा वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को लामबंद करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रो. इमैनुएल नाहर ने कहा कि राहुल गांधी की पंजाब रैली को सफल बनाने के लिए अल्पसंख्यक विभाग पूरी सक्रियता से काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग राहुल गांधी की विचारधारा और नीतियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर तक पहुंचकर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

इस मौके पर AICC की ओर से पहुंचे पंजाब अल्पसंख्यक विभाग के सह-प्रभारी डॉ. प्रशांत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रैली में पंजाब के सभी जिलों से अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रैली में पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान खरड़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को रैली स्थल तक पहुंचाने के लिए परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही AICC के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियों में आपसी तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिला अध्यक्ष काला जी, चन्नी इकबाल (चेयरमैन, माइनॉरिटी डिपार्टमेंट मोहाली), हैप्पी मलिक (कन्वीनर, पंजाब), डॉ. सुभाष थोबा, रमेश गिल, सैमसन मसीह, इमरान खान और रवि मसीह सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की प्रस्तावित पंजाब रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।

