रायपुर. देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच अपने 31वें वर्ष में प्रवेश करने वाली है और इस अवसर पर हर साल की तरह राजधानी रायपुर में कार्टून फेस्टीवल आयोजित किया जा रहा है. कार्टून वॉच के सम्पादक त्रयम्बक शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि यह आयोजन 13 अक्टूबर को रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित होगा और इसके मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय होंगे. उल्लेखनीय है कि कार्टून फेस्टीवल में मुख्य अतिथि स्वयं सांकेतिक कार्टून बनाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते हैं. इस आयोजन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह करेंगे और विशेष अतिथि के रूप में अनेक राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहेंगी. अतिथि वक्ता के तौर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ हिमांशु द्विवेदी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कार्टून वॉच की यात्रा को करीब से देखने वाले पुराने कार्टूनिस्ट और पत्रकार भी अपनी बात रखेंगे.
शर्मा ने बताया कि इस साल जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को कार्टून वॉच का लाईफ टाईम एचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जायेगा. उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह अवार्ड अनेक बड़ी हस्तियों को प्रदान किया जा चुका है जिसमें कार्टूनिस्ट बाला साहेब ठाकरे, आर.के.लक्ष्मण, सुधीर तैलंग, आबिद सुरती, प्राण, काक, अजीत नैनन प्रमुख हैं. इस आयोजन के मुख्य अतिथि डॉ एपीजे अब्दुल कलाम भी रह चुके हैं. यह देश का अकेला आयोजन है जो हर साल होता है और इसमे दूसरे राज्य के कार्टूनिस्ट छत्तीसगढ़ आते हैं. यह कार्यक्रम राज्य सरकार और छ.ग. पर्यटन मण्डल के सहयोग से किया जाता है.
शर्मा ने बताया कि कार्टून वॉच अब तक कार्टून प्रतियोगितायें ही आयोजित करता रहा है पर इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 बरस पूरे होने पर पहली बार अखिल भारतीय कैरीकेचर प्रतियोगिता आयोजित की गई. इस प्रतियोगिता में देश भर के कार्टूनिस्टों ने प्रधानमंत्री के कैरीकेचर बनाकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. कार्टून फेस्टीवल के अवसर पर कैरीकेचर बुक का भी विमोचन किया जायेगा.

