No menu items!
Saturday, June 6, 2026
spot_img

Latest Posts

मानसून ने पकड़ी रफ्तार: उत्तर भारत में आंधी-तूफान का खतरा

दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के साथ देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को केरल, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। केरल में शुक्रवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव, पेड़ उखड़ने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। त्रिशूर जिले के मनालूर में एक पेड़ अस्थायी शेड पर गिर गया, जिससे उसके नीचे सो रहे 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आईएमडी ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 24 घंटे के दौरान 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है। हालात को देखते हुए वायनाड, कोझिकोड और कासरगोड में ट्रेकिंग, पहाड़ी सड़कों पर रात्रिकालीन यात्रा और खनन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।


तमिलनाडु में 9 जून तक भारी बारिश का पूर्वानुमान
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण 9 जून तक तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल और कोयंबटूर के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुप्पुर, मदुरै, विरुधुनगर, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में तिरुनेलवेली जिले के नालुमुक्कु में सर्वाधिक 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कन्याकुमारी जिले के मायलार क्षेत्र में नौ सेंटीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने केरल और माहे के अलावा पूर्वोत्तर भारत, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

उत्तर भारत में आंधी-तूफान का खतरा
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ तूफान आने की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और राजस्थान में भी आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
आईएमडी ने तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, केरल-कर्नाटक तट, लक्षद्वीप और मालदीव क्षेत्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई है। इसी कारण 9 जून तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.