पंजाब के संगरूर में पुलिस ने एक निजी स्पा सेंटर पर छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। शनिवार देर शाम हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और एक पुरुष ग्राहक सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक निजी स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में गलत काम चल रहा है। इस सूचना के आधार पर सिटी पुलिस की टीम ने रेड की। रेड के दौरान पुलिस को मौके से मैनेजर अमन अंसारी, एक क्लाइंट रिंकू और पांच लड़कियां मिलीं। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों को इस धंधे में धकेला जा रहा था। एसएचओ सिटी गुलाब सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया : पुलिस ने स्पा सेंटर की मालिक जोया खान और मैनेजर अमन अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी जोया खान अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। सख्त निर्देश : यह कार्रवाई एसपी सरताज सिंह चहल के निर्देशों पर अमल में लाई गई है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ ही शहर में चल रहे अन्य स्पा सेंटरों को भी कड़ी चेतावनी दी है। एसएचओ गुलाब सिंह ने स्पष्ट किया कि स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अन्य सेंटर भी इस तरह के अपराध में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

