T20 World Cup 2026 Today Matches: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड का पहला मैच बारिश में धुल गया. आज रविवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे. भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका से पहले एक और मैच होगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 राउंड शनिवार से शुरू हो गया है, हालांकि पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश के कारण बिना कोई गेंद डाले रद्द हो गया. आज 2 मैच हैं. ग्रुप 1 का पहला मैच आज भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका है, इससे पहले ग्रुप 2 से श्रीलंका और इंग्लैंड आमने सामने होंगी. जानिए दोनों मैचों की टाइमिंग, वेन्यू और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 राउंड 1 मार्च तक खेला जाएगा. इस राउंड में क्वालीफाई करने वाली टीमों को 4-4 के 2 ग्रुप्स में बांटा गया है. इस राउंड के बाद दोनों ग्रुप की अंक तालिका में टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी और अन्य टीमें बाहर हो जाएगी. आज सुपर-8 में भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ है, ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
श्रीलंका बनाम इंग्लैंड मैच की डिटेल
ग्रुप 2 का दूसरा मैच आज श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच कैंडी शहर के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. ये मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. टॉस 2 बजकर 30 मिनट पर होगा. इस मैच के प्रेडिक्शन की बात करें तो श्रीलंका का पलड़ा भारी नजर आता है. इंग्लैंड पिछले मैचों में फंसती हुई नजर आई, हालांकि जिम्बाब्वे से हारने के बाद मेजबान श्रीलंका के कॉन्फिडेंस में भी कमी जरूर आई होगी.
श्रीलंका और इंग्लैंड, दोनों ने ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच जीते थे. हालांकि श्रीलंका का नेट रन रेट बेहतर था. इस मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर होगी.
दूसरे मैच में भारत और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत
टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8 के ग्रुप 1 का पहला मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. लीग स्टेज में दक्षिण अफ्रीका ने इस ग्राउंड पर खेले दोनों मैच जीते हैं, भारत ने जारी संस्करण में यहां खेले एकमात्र मैच में नीदरलैंड को हराया था. बता दें कि दोनों ही टीम अभी तक इस टूर्नामेंट में हारी नहीं है, इसलिए आज किसी एक टीम को पहली हार मिलेगी और कोई एक लगातार 5वां मैच जीतेगी.
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच शाम को 7 बजे से शुरू होगा. 6:30 बजे टॉस होगा. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.

