No menu items!
Wednesday, February 11, 2026
spot_img

Latest Posts

पाकिस्तान का इंडिया के खिलाफ मैच बायकॉट विवाद खत्म होने पर आईसीसी को लेकर राजीव शुक्ला ने दिया बयान, हो गया वायरल

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आईसीसी को धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, ‘मैं बीसीसीआई की तरफ से आईसीसी अध्यक्ष और उसके पदाधिकारियों का बहुत अच्छा समाधान निकालने के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं.’

BCCI Vice President Rajeev Shukla Thanked The ICC: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार यानी 10 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने ‘बहुत अच्छा समाधान निकाला’ जिसके कारण पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार वापस ले लिया. बांग्लादेश और श्रीलंका के आग्रह के बाद पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार की अपील वापस लेने का फैसला किया जिसका मतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा.

राजीव शुक्ला ने आईसीसी को किया धन्यावाद

राजीव शुक्ला ने पत्रकारों से कहा, ‘मैं बीसीसीआई की तरफ से आईसीसी अध्यक्ष (जय शाह) और उसके पदाधिकारियों का बहुत अच्छा समाधान निकालने के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा के बाद और सभी पक्षों की बात सुनने के बाद यह निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा, ‘ये फैसला क्रिकेट के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. क्रिकेट जारी रहना चाहिए और अब विश्व कप को बड़ी सफलता मिलेगी. जहां तक आईसीसी का सवाल है तो ये एक बड़ी उपलब्धि है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी आईसीसी की प्रशंसा की है. उसने सभी पक्षों की बात सुनी और सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला किया.’ शुक्ला ने आगे कहा, ‘आखिर में क्रिकेट सभी के लिए सबसे महत्वपूर्ण है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सभी के लिए महत्वपूर्ण है.’

पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार का फैसला लिया वापस

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख अमीनुल इस्लाम ने ढाका में बयान जारी किया था, जिसमें पाकिस्तान से बहिष्कार वापस लेने की अपील की गई थी. इसके बाद ये तय हो गया था कि पाकिस्तान बहिष्कार वापस ले लेगा. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भी फोन पर बात की, जिन्होंने उनसे टीम को मैच खेलने की अनुमति देने का आग्रह किया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने आईसीसी के साथ अपनी बातचीत के बारे में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को जानकारी दी. इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने बयान जारी करके अपनी टीम को ये मैच खेलने की अनुमति प्रदान की थी.

आईसीसी ने बांग्लादेश पर नहीं किया जुर्माना

आईसीसी ने इस मुद्दे पर कुछ रियायतें देते हुए बांग्लादेश पर कोई जुर्माना न लगाने का फैसला किया, जिसे सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने के बाद विश्व कप से बाहर होना पड़ा था. इससे पहले पाकिस्तान ने कहा था कि वो भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा. इसे बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा राजनीतिक विरोध माना जा रहा था. आईसीसी ने बांग्लादेश के सुरक्षा कारणों से अपने मैच भारत से श्रीलंका में स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था. इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर ली गई थी.

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.