
Oscar Winner MM Keeravani:
ऑस्कर विजेता संगीतकार एम.एम. कीरावनी भारत की गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए ‘वंदे मातरम्’ की विशेष संगीत रचना करेंगे। यह प्रस्तुति 26 जनवरी को आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का अहम हिस्सा होगी। इस भव्य संगीत प्रस्तुति का आयोजन संस्कृति मंत्रालय के संरक्षण में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस देशभक्ति गीत की प्रस्तुति में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 2500 कलाकार हिस्सा लेंगे, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर प्रस्तुत करेंगे। ऑस्कर विनर एम.एम. कीरावनी की इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को लेकर संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
एम.एम. कीरावनी का पूरा नाम कोडूरी मराकाथामणि कीरावनी है। वे भारत के प्रतिष्ठित संगीतकार, गीतकार और गायक हैं, जिन्हें मुख्य रूप से तेलुगु सिनेमा में उनके शानदार काम के लिए जाना जाता है। हालांकि, उन्होंने हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में भी यादगार संगीत दिया है। उनका जन्म 4 जुलाई 1961 को आंध्र प्रदेश में हुआ था।
कीरावनी को एस.एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ के सुपरहिट गीत ‘नाटू नाटू’ के लिए ऑस्कर और गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वे कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीत चुके हैं। उन्होंने ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’, ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’, ‘मगधीरा’ और ‘ईगा’ जैसी मेगा बजट फिल्मों का संगीत दिया है। राजामौली की लगभग सभी बड़ी फिल्मों में कीरावनी का संगीत अहम भूमिका निभाता रहा है।
हिंदी सिनेमा में भी एम.एम. कीरावनी ने ‘जख्म’, ‘जिस्म’, ‘पहेली’ और ‘सुर’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। भारतीय संगीत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने वाले कीरावनी आज देश के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली संगीतकारों में शुमार किए जाते हैं।

