
MI Emirates vs Desert Vipers, ILT20 Final: इंटरनेशनल टी20 लीग (ILT20) के चौथे सीजन के फाइनल मुकाबले में मैदान पर उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब डेजर्ट वाइपर के तेज गेंदबाज नसीम शाह और एमआई एमिरेट्स के कप्तान कीरोन पोलार्ड के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। दोनों खिलाड़ियों के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए अंपायर को बीच में आकर हस्तक्षेप करना पड़ा और हालात शांत कराए गए।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान कीरोन पोलार्ड अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ आक्रामक तेवरों के लिए भी जाने जाते हैं। पोलार्ड को मैदान पर किसी भी तरह की उकसावे वाली हरकत बिल्कुल पसंद नहीं आती। फाइनल मुकाबले में जब वह लय में नजर नहीं आ रहे थे, उसी दौरान डेजर्ट वाइपर के गेंदबाज नसीम शाह की ओर से बार-बार आंख दिखाने की हरकत ने माहौल को गर्म कर दिया। इसके जवाब में पोलार्ड ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए नसीम को चेतावनी दी, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
हालात बिगड़ते देख अंपायर ने तुरंत दखल दिया और दोनों खिलाड़ियों को अलग कराया, जिसके बाद खेल आगे बढ़ सका। हालांकि मैदान पर हुई इस झड़प ने फाइनल मुकाबले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया।
गेंदबाजी की बात करें तो नसीम शाह ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 18 रन देकर 3 अहम विकेट झटके, जिसमें कीरोन पोलार्ड का विकेट भी शामिल रहा। पोलार्ड एमआई एमिरेट्स के लिए 28 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। नसीम की घातक गेंदबाजी की बदौलत डेजर्ट वाइपर ने मुकाबले पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया।
ILT20 के फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए डेजर्ट वाइपर ने कप्तान सैम करन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 182 रन बनाए। सैम करन ने 51 गेंदों में नाबाद 74 रन की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई एमिरेट्स की टीम 18.3 ओवर में 136 रन पर ढेर हो गई, जिसके चलते डेजर्ट वाइपर ने फाइनल मुकाबला 46 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया।

