
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में पांचवां और निर्णायक टी20 मुकाबला खेला जाना है. इस मैदान का इतिहास बताता है कि यहां रन बनाना आसान नहीं रहा है — अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में केवल एक बार ही किसी टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार किया है.
यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जिसने 9 जनवरी 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में 3 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे. उस मैच में डेमियन मार्टिन ने 56 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली, जबकि एंड्रयू साइमंड्स ने 26 गेंदों में नाबाद 54 रन जोड़े. जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 18.3 ओवरों में 114 रन पर सिमट गई और ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 95 रन से जीत लिया था.
भारतीय टीम का इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 169/7 है, जो उसने 21 नवंबर 2018 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था. बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 4 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
वर्तमान सीरीज की बात करें तो पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, लेकिन भारत ने होबार्ट में तीसरा मैच जीतकर सीरीज बराबर की और चौथे मुकाबले में 48 रन की जीत के साथ 2-1 से आगे निकल गया. ऐसे में अब ब्रिस्बेन में खेला जाने वाला पांचवां मैच सीरीज का निर्णायक मुकाबला होगा.

