
महिला वर्ल्ड कप फाइनल से पहले भारतीय क्रिकेट में शोक की लहर, पूर्व क्रिकेटर राजेश बानिक की सड़क हादसे में मौत
आज जहां पूरी दुनिया की नज़रें आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, वहीं भारतीय क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले से ठीक पहले पूर्व क्रिकेटर राजेश बानिक का सड़क हादसे में निधन हो गया।
राजेश बानिक मात्र 40 वर्ष के थे और उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। बताया जा रहा है कि हादसा पश्चिम त्रिपुरा के आनंदनगर क्षेत्र में हुआ। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अगरतला स्थित जीबीपी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
राजेश बानिक के निधन से पूरा क्रिकेट समुदाय सदमे में है। त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुब्रता डे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा —
“यह बहुत दुखद है कि हमने एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर और अंडर-16 टीम के चयनकर्ता को खो दिया। राजेश न केवल शानदार ऑलराउंडर थे, बल्कि उनमें युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने की अद्भुत क्षमता थी।”
राजेश बानिक ने अपने करियर में 42 फर्स्ट क्लास मैचों में 1469 रन बनाए और 2 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने 24 लिस्ट-ए मुकाबलों में 378 रन और 8 विकेट, जबकि 18 टी20 मैचों में 203 रन बनाए। उन्होंने अपना आखिरी रणजी मैच 2018 में ओडिशा के खिलाफ खेला था।
राजेश, इरफान पठान और अंबाती रायुडू जैसे खिलाड़ियों के साथ भी खेल चुके थे। उनके निधन से न सिर्फ त्रिपुरा क्रिकेट, बल्कि पूरे भारतीय क्रिकेट परिवार में शोक की लहर है।

