चण्डीगढ़-कपूरथला के ढिलवां टोल प्लाजा से पहले जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह गुडाणा पुल के पास सड़क पर जा रहे चार पहिया वाहन और आर्टिका कार में टक्कर हो गई। हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की माैत हो गई। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय प्रवीण कुमारी और उनके पति 62 वर्षीय कल्याण सिंह निवासी होशियार पुर और 19 वर्षीय संजना निवासी होशियार पुर के रूप में हुई है। वहीं दोनों वाहनों में सवार 14-15 लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायलों को ब्यास के अस्पताल में भर्ती करवाया है।
