Saturday, June 28, 2025
spot_img

Latest Posts

सिक्किम में सेना के कैंप पर लैंडस्लाइड से 3 जवान शहीद, 6 लापता

पूर्वोत्तर में बारिश-बाढ़ से अब तक 37 लोगों की जान गई; राहत-बचाव अभियान जारी
गंगटोक/नई दिल्ली। सिक्किम में सेना का एक कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया। यह हादसा भारी बारिश के बाद उत्तरी सिक्किम के लाचेन क्षेत्र में शाम करीब 7 बजे हुआ। सेना ने सोमवार को इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन जवानों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह जवान अब भी लापता हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।


सेना के अधिकारियों ने बताया कि चार जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। क्षेत्र में भारी बारिश और दुर्गम भूगोल के कारण राहत अभियान में बाधाएं आ रही हैं।
एक हजार से ज्यादा सैलानी सुरक्षित निकाले गए
उत्तरी सिक्किम के लाचेन और लाचुंग क्षेत्रों में 30 मई से फंसे 1000 से अधिक पर्यटकों को भी आज सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। पर्यटकों को सेना और स्थानीय प्रशासन की मदद से हेलिकॉप्टर और वाहनों के जरिए गंगटोक पहुंचाया गया।
चार दिन से पूर्वोत्तर में तबाही, अब तक 37 मौतें
पिछले चार दिनों से पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कम से कम 37 लोगों की जान जा चुकी है।
असम: 10 मौतें, 3.64 लाख से अधिक लोग प्रभावित
अरुणाचल प्रदेश : 9 मौतें
मिजोरम: 5 मौतें, लैंडस्लाइड की 211 घटनाएं
मेघालय : 6 मौतें
सिक्किम : 3 मौतें (हालिया हादसे में)
त्रिपुरा : 10 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित
मणिपुर : 19 हजार लोग प्रभावित, 3,365 घर क्षतिग्रस्त
मिजोरम में स्कूल बंद, नदियां खतरे के निशान से ऊपर
मिजोरम की राजधानी आइजोल में भारी बारिश के मद्देनजर 2 जून को सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। वहीं, असम में ब्रह्मपुत्र, बराक सहित कुल 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई इलाकों में सड़क संपर्क टूट चुका है।
सेना, वायुसेना और NDRF की टीमें तैनात
राहत कार्यों के लिए भारतीय सेना, वायुसेना, असम राइफल्स और NDRF की टीमों को कई स्थानों पर तैनात किया गया है। हेलिकॉप्टर के जरिए फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है और प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

अन्य राज्यों में भी बारिश से तबाही
राजस्थान के 30 और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के वैशाली जिले में रविवार शाम आंधी और बारिश के चलते एक घर गिर गया, जिसमें 60 साल की महिला की मौत हो गई। राज्य के 9 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्थिति पर नज़र रखने के लिए विशेष निगरानी सेल सक्रिय किया है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों तक पूर्वोत्तर में और अधिक बारिश की संभावना जताई है। कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं और आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.