No menu items!
Monday, February 9, 2026
spot_img

Latest Posts

गाजा में युद्धविराम के बाद इस्राइल का सबसे बड़ा हवाई हमला, कम से कम 326 लोगों की मौत

गाजा – गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस्राइल द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम 326 लोग मारे गए हैं। युद्धविराम के बाद गाजा में किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है। जिसमें इतने लोगों की मौत हुई है। वहीं हमास ने चेतावनी दी है कि गाजा में इस्राइल के नए हमले युद्ध विराम का उल्लंघन हैं और यह बंधकों के जीवन को खतरे में डाल सकता है। इसके साथ ही इस्राइल ने लोगों से गाजा पट्टी खाली करने के लिए कहा है।

फलस्तीनी अधिकारियों ने हमले में कम से कम 326 लोगों की मौत की जानकारी दी है। मध्य गाजा स्थित अल-अक्सा मार्टर अस्पताल आधारित मंत्रालय के प्रवक्ता खलील देगरान ने मंगलवार सुबह अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराए। कहा जा रहा है जनवरी में युद्धविराम के प्रभावी होने के बाद से यह गाजा में अब तक का सबसे भीषणतम हमला है। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि युद्धविराम को बढ़ाने के लिए वार्ता में कोई खास प्रगति नहीं होने के कारण उन्होंने हमले का आदेश दिया। नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा, इजराइल अब सैन्य ताकत बढ़ाकर हमास के खिलाफ कार्रवाई करेगा।

हमास ने युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का लगाया आरोप
इस्राइल ने इस हवाई हमले की वजह हमास द्वारा लगातार बंधकों की रिहाई से इनकार को बताया। इस्राइल ने हमास आतंकियों पर हवाई हमलों को अंजाम देने की बात कही। वहीं इस्राइल के हमले के बाद गाजा पट्टी में स्कूल बंद कर दिए गए। हमास ने इस्राइल पर युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है। हमास ने बयान जारी कर कहा कि नेतन्याहू और उनकी कट्टरपंथी सरकार ने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है, जिससे बंधकों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा गए हैं।

इस्राइल ने बुरेजी इलाके में शरणार्थी कैंपों पर हमले किए। विस्थापित फलस्तीनियों ने एक स्कूल में शरण ली हुई थी, उस स्कूल को भी निशाना बनाया गया। हमले से पहले इस्राइल ने गाजा में खाने, दवाई, ईंधन आदि की सप्लाई भी रोक दी है, जिससे गाजा में भुखमरी के हालात पैदा हो गए हैं। ये हमले ऐसे वक्त हुए हैं, जब इस्राइल औऱ हमास के बीच दूसरे चरण के युद्धविराम समझौते पर बात हो रही हैं। हालांकि दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं। हमास के पास अभी भी 24 जीवित बंधक हैं और अनुमान है कि 35 अन्य बंधक मारे जा चुके हैं।
हमास ने एक बयान में इजराइल की ओर से किए गए हमलों की निंदा की और कहा कि इन हमलों ने बंधकों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। हमास द्वारा बंधक बनाकर रखे गए लगभग 24 इस्राइली नागरिकों के भविष्य के बारे में इजराइल के हमलों के कारण संशय की स्थिति पैदा हो गई है जिनके बारे में माना जाता है कि वे अब भी जीवित हैं। वहीं, एक इस्राइली अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि इस्राइल हमास के उग्रवादियों, इसके नेताओं और बुनियादी ढांचों पर हमला कर रहा है तथा हवाई हमलों से परे अभियान को और बढ़ाने की योजना बना रहा है।
सीरिया और लेबनान में भी किए हमले
इस्राइल ने गाजा के साथ ही लेबनान और सीरिया में भी हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट्स हैं। सीरिया में दारा इलाके में रिहायशी क्षेत्र में हवाई हमले किए गए। लेबनान में भी इस्राइल ने दो हिजबुल्ला आतंकियों को मारने का दावा किया है।

इस्राइल ने हमले से पहले व्हाइट हाउस से ली थी सलाह
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि आज रात गाजा में किए गए हमलों को लेकर इस्राइल ने ट्रंप प्रशासन और व्हाइट हाउस से सलाह ली थी। जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है, हमास, हूती, ईरान को अमेरिका और इस्राइल को आतंकित करने की कीमत चुकानी पड़ेगी। सबकुछ तहस-नहस कर दिया जाएगा।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि अगर बंधकों को रिहा नहीं किया गया तो ‘‘गाजा में और बुरी हालत होगी। उन्होंने कहा, हम तब तक लड़ाई नहीं रोकेंगे जब तक हमारे सभी बंधक घर नहीं पहुंच जाते। मिस्र और कतर के साथ मध्यस्थता प्रयासों का नेतृत्व कर रहे अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने पहले ही आगाह किया था कि हमास को जीवित बंधकों को तुरंत रिहा करना चाहिए ‘‘या फिर भारी कीमत चुकानी होगी। नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा, इजराइल अब सैन्य ताकत बढ़ाकर हमास के खिलाफ कार्रवाई करेगा।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.