पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है। इसके तहत सरकार ने पुलिस विभाग के कई बड़ी अधिकारियों का ट्रांसफर भी किया है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस मुलाजिम घूस लेकर महकमे को दागदार कर रहे हैं।

पंजाब के बरनाला में विजिलेंस ने घूसखोर दो पुलिस मुलाजिमों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए हैं। घटना बरनाला के महल कलां थाने की है, जहां एएसआई जग्गा सिंह और हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह ने एक मामले में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शराब के ठेके पर तोड़फोड़ के मामले में नामजद एक युवक से उसका सामान हटाने के बदले में उसके परिवार से 50 हजार रुपये की मांग की थी।
विजिलेंस विभाग बरनाला के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि सोमवार को थाना महल कलां के दो पुलिस कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया गया। एक पुलिस मामले में उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिस पर विजिलेंस ने मौके पर रेड कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता परविंदर कौर निवासी बरनाला ने शिकायत दर्ज कराई है कि महल कलां थाने के एएसआई जग्गा सिंह और हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह ने उसके भाई को किसी मामले में गिरफ्तार किया था। उसके कपड़ों की तलाशी के दौरान उसके पास से एक घड़ी, डेढ़ तोला सोने की चेन, आईफोन और 10 हजार रुपये बरामद हुए, जिसे पुलिसकर्मियों ने दर्ज नहीं किया। जब उन्होंने उक्त पुलिस कर्मियों से ये सामान की मांगा तो सामान के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। इस शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने महल कलां थाने में छापेमारी कर एएसआई जग्गा सिंह और सीनियर कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया विभाग ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

