हमास और इजराइल के बीच शनिवार को शुरू हुई जंग दूसरे दिन भी जारी है। इजराइल ने कहा है कि रविवार को जंग में उसके 30 सैनिक मारे गए हैं। वहीं, इजराइल की डिफेंस मिनिस्ट्री ने बताया है कि उनकी कार्रवाई में अब तक हमास के 400 लड़ाके मारे गए हैं और कई को पकड़ लिया है। दूसरी तरफ, रविवार सुबह लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने भी इजराइल पर मोर्टार अटैक किया है।
जवाब में इजराइल ने लेबनान पर एयर स्ट्राइक शुरू कर दी है। हमास ने 7 अक्टूबर को 5 हजार रॉकेट से इजराइल पर हमला किया था। जंग के दूसरे दिन गाजा बॉर्डर पर तैनात इजराइली डिफेंस फोर्स के कमांडर नहल ब्रिगेड समेत 350 लोगों की मौत हो गई है। जंग में 313 फिलिस्तीनी भी मारे गए हैं। इजराइल में 1,864 और फिलिस्तीन में 1700 से ज्यादा लोग घायल हैं। हमास ने इजराइल के अश्कलोन अस्पताल पर भी रॉकेट दागे हैं।
हमास ने 200 से ज्यादा इजराइलियों को बंदी बनाया
इजराइली डिफेंस फोर्स के स्पोक्सपर्सन जॉनथन कॉनरिकस ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि हमास ने महिलाओं और बच्चों समेत करीब 200 इजराइली लोगों को बंधक बना लिया है। इन्हें गाजा की तरफ ले जाया गया है।

जॉनथन ने आशंका जताई कि यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। उन्होंने कहा- हमास ने हो सकता है कि कई महिलाओं और बच्चों को मार भी दिया हो। इस बारे में हमारे कोई ठोस जानकारी नहीं है। उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर कई वीडियोज वायरल हो रहे हैं जिनमें हमास के लड़ाके इजराइली नागरिकों को जबरदस्ती गाड़ियों में बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, BBC ने लोकल मीडिया की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि कुछ बंधकों को छुड़ा लिया गया है।

इजराइल ने गाजा पट्टी में हमास के 4 हेडक्वार्टर्स पर हमला किया

