नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों के लिए कई अहम बदलावों की घोषणा की है। यह परीक्षा देशभर में 21 जून को आयोजित की जाएगी। एनटीए के अनुसार, इन बदलावों का उद्देश्य परीक्षा को ज्यादा आसान, सुविधाजनक और छात्र हितैषी बनाना है।
इस बार परीक्षा की अवधि में भी बदलाव किया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। कुल 195 मिनट की अवधि में परीक्षा से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं भी शामिल रहेंगी। छात्रों की लंबे समय से शिकायत थी कि औपचारिकताओं में समय लगने से उत्तर लिखने का समय प्रभावित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए एनटीए ने पर्याप्त समय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
इसके अलावा रफ वर्क के लिए भी बड़ी सुविधा दी गई है। अब प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के पेज बढ़ाकर 4 कर दिए गए हैं, जबकि पहले केवल 2 पेज मिलते थे। इससे छात्रों को गणना, डायग्राम और कठिन सवालों को हल करने में आसानी होगी।
एनटीए ने बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रश्न पुस्तिका में बदलाव किया है। अब 2 रफ वर्क पेज शुरुआत में और 2 पेज अंत में दिए जाएंगे, ताकि सभी छात्रों को लिखने में समान सुविधा मिल सके।
एनटीए के मुताबिक, करीब 10 प्रतिशत छात्र बाएं हाथ से लिखते हैं और यह बदलाव उनके लिए खास तौर पर फायदेमंद होगा। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने और छात्रों के अनुभव को आसान करने के लिए आगे भी सुधार जारी रहेंगे।
नीट (यूजी) 2026 के लिए किए गए ये बदलाव लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए राहत भरे माने जा रहे हैं।

