रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की ताकत दिखा दी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना जरूरत पड़ने पर सीमा पार जाकर भी आतंकियों को जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने साफ कहा कि अब भारत चुप रहने वाला देश नहीं है और अगर कोई भारतीय नागरिकों पर हमला करेगा, तो उसे उसके घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा।
राजस्थान में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में भारत की सुरक्षा नीति में बड़ा बदलाव आया है। सरकार सेना के साथ हर कदम पर खड़ी है और देश की सुरक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी जा रही है।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की कोशिश की गई, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण यह संभव नहीं हो सका। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार जरूर मिलेगा।

