उत्तर प्रदेश के संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने और जलाभिषेक करने वाली तमन्ना मलिक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं. तमन्ना ने अपने पति अमन त्यागी के साथ असमोली थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
यूपी के संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली और महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने वाली तमन्ना मलिक को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. तमन्ना ने इस मामले को लेकर अपने पति अमन त्यागी के साथ थाने में तहरीर दी है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
तमन्ना मलिक ने समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के द्वारा पिछले दिनों दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी है. तमन्ना ने कहा कि विश्वास तो उनके ऊपर से भी काफी लोगों का उठ चुका है.
दरअसल, संभल के बदनपुर बसई गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक अपने पति अमन त्यागी के साथ बुर्का पहनकर 14 फरवरी को पुलिस और निजी वॉलेंटियर्स की के बीच हरिद्वार से कांवड़ लेकर संभल पहुंची थीं. यहां 15 फरवरी को तमन्ना ने बुर्के में ही संभल के क्षेमनाथ तीर्थ पर तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ की मौजूदगी में शिवलिंग पर गंगाजल और दूध व दही से अभिषेक किया था.

