Fatehpur News: फतेहपुर में एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में गिरने से दो मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई. बच्चे शाम से लापता थे. पुलिस का अनुमान है कि खेलते समय वे टैंक में गिर गए.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से डरावनी खबर सामने आ रही है. यहां पर एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. दोनों बच्चे भाई-बहन बताए जा रहे हैं, जो कि बीते मंगलवार (17 फरवरी) की शाम से लापता थे. घर परिवार वाले उन्हें ढूंढने में लगे हुए थे, लेकिन जब उनका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को खबर की गई.
मामला राधानगर के बडनपुर का है. पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों बच्चे खेलते हुए निर्माणाधीन टैंक के पास पहुंच गए होंगे और उसमें गिर गए. वहां कोई और मौजूद नहीं था, इसलिए किसी को इसकी खबर नहीं लगी और बच्चों को समय रहते बचाया नहीं जा सका.
इलाके में पसरा मातम
दोनों बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है. पुलिस ने फिलहाल दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. अब पुलिस इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि बच्चों की मौत एक हादसा थी या फिर किसी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया है.

