No menu items!
Tuesday, February 17, 2026
spot_img

Latest Posts

लखनऊ: मनरेगा के मुद्दे पर विधानसभा का घेराव करेगी कांग्रेस, कई नेता हाउस अरेस्ट, पुलिस अलर्ट

UP News: लखनऊ में मनरेगा मजदूरों के भुगतान को लेकर कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव करेगी. कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है. पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज कांग्रेस की ओर से विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा गया है. पार्टी ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह मनरेगा मजदूरों के मुद्दे पर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी. सुबह से ही शहर में हलचल तेज है और कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग इलाकों से जुटने लगे हैं.

कई नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट
घेराव से पहले ही पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी. कई कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर है. पार्टी का आरोप है कि सरकार आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है. दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं.

विधानसभा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है. बैरिकेडिंग की गई है ताकि प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर तक पहुंचने से रोका जा सके. प्रशासन नहीं चाहता कि हालात बिगड़ें, इसलिए पूरे इलाके में चौकसी बरती जा रही है.

अजय राय पहुंचे कांग्रेस कार्यालय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सुबह पार्टी कार्यालय पहुंचे. यहां से वे कार्यकर्ताओं के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे.

मनरेगा भुगतान का मुद्दा
अजय राय ने कहा, “विधानसभा का यह घेराव मनरेगा मजदूरों को उनका भुगतान न मिलने के मुद्दे पर है. यह मनरेगा के मूल उद्देश्य को नष्ट किए जाने के खिलाफ है, जिसे महात्मा गांधी के नाम पर लागू किया गया था और जो पहले गरीब लोगों को काम उपलब्ध कराता था. गरीबों को यह भरोसा था कि उन्हें 100 दिनों का रोजगार मिलेगा और वे अपने परिवार और घर का भरण-पोषण कर सकेंगे.”

उन्होंने आगे कहा, “वर्तमान की जो यह मोदी सरकार है, पूरी तरीके से इस कानून को खत्म कर रही है. मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 11-12 महीने से रोक रखी हुई है. सोचिए आप बड़ी-बड़ी बात करने वाले, देश बदल रहा है, देश बदल गया, ये वो झूठी बात करके गरीब आदमी जो सबसे, सबसे कमजोर गरीब आदमी है, उसको आप उसकी मजदूरी रोक रखे हैं. सोचिए किस तरीके से, कैसे अपना परिवार चलाते होंगे? कितने गरीब लोग हैं, रोज कुआं खोदो, रोज पानी पीने वाले लोग हैं, उनको आप पैसा नहीं दिए तो वो आज सारी चीजों को लेते हैं.”

शंकराचार्य के मुद्दे पर सरकार को घेरा
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “हमारे पूज्यनीय शंकराचार्य का जो अपमान योगी सरकार ने किया, जो बटुकों की चुटिया पकड़कर खींचकर जूते से मारा और माता अहिल्याबाई होलकर का अपमान किया, उनकी मूर्ति को तोड़ा और झूठ बोला योगी ने जाकर कि नहीं टूटी नहीं है मूर्ति, यही वीडियो ने दिखाया. दाल मंडी का ध्वस्तीकरण कर रहे हो. लखनऊ के 600 साल पुराने मजार को नोटिस दिलवा रहे हो. पूरे प्रदेश के अंदर महिला पर अत्याचार हो रहा है.”

वहीं सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, “बहुत से लोग आ रहे हैं. हमारा कार्यक्रम अच्छी तरह चलेगा. हमारा ‘विधानसभा घेराव’ का कार्यक्रम है. हमारे कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर आपने भी देखा होगा कि राज्य सरकार कितनी डरी हुई है. वे हमारे नेताओं को नजरबंद कर रहे हैं. किसी भी लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना एक संवैधानिक अधिकार है. वे इसे कुचलना चाहते थे.”

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.