
Shab-E-Barat 2026: शब-ए-बारात इस्लामी कैलेंडर के शाबान महीने की 14वीं और 15वीं रात के बीच मनाई जाने वाली एक अहम रात है। साल 2026 में यह पवित्र रात बुधवार, 4 फरवरी की शाम से गुरुवार, 5 फरवरी की शाम तक रहेगी। इस रात को मुस्लिम समुदाय मगफिरत (माफी) और इबादत की रात के रूप में मनाता है।
इस खास मौके पर लोग अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं, दुआ करते हैं और रातभर नमाज, कुरान पढ़ने तथा तौबा में व्यस्त रहते हैं। कई लोग अपने पूर्वजों की कब्र पर जाकर उनके लिए दुआएं करते हैं और जहन्नुम की आग से बचाव की प्रार्थना करते हैं।
शब-ए-बारात की विशेष अहमियत
- यह रात गुनाहों की माफी का अवसर मानी जाती है। पूरी निष्ठा से इबादत करने वालों की दुआ कबूल होने का विश्वास है।
- मुस्लिम मान्यताओं के अनुसार, इसी रात अल्लाह आने वाले साल की तकदीर लिखते हैं। इसलिए इसे तौबा और आत्म-विश्लेषण की रात भी कहा जाता है।
- लोग अपने दिवंगत परिजनों को याद करते हुए उनकी मगफिरत के लिए दुआ करते हैं।
- गरीब और जरूरतमंद लोगों को दान देना इस रात का बड़ा हिस्सा माना जाता है।
- कई घरों में विशेष पकवान बनाए जाते हैं और मस्जिदों में धार्मिक जलसे आयोजित होते हैं।

