
राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने 60 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में दी सफाई, नोटबंदी को बताया कारोबार डूबने की वजह
60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने सफाई दी है। उनका कहना है कि नोटबंदी के कारण उनके व्यापार को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे कंपनी वित्तीय संकट में आ गई और लिया गया कर्ज चुकाया नहीं जा सका। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) इस मामले की जांच कर रही है।
कंपनी को लगा आर्थिक झटका – कुंद्रा का दावा
पूछताछ के दौरान राज कुंद्रा ने बताया कि उनकी कंपनी इलेक्ट्रिकल और घरेलू उपकरणों के व्यापार में सक्रिय थी, लेकिन नोटबंदी के बाद कंपनी को गंभीर आर्थिक झटका लगा। उन्होंने दावा किया कि कंपनी की वित्तीय हालत इतनी बिगड़ गई कि वह निवेशकों का पैसा वापस करने की स्थिति में नहीं रही।
EOW ने शिल्पा शेट्टी से भी की लंबी पूछताछ
इस मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से भी आर्थिक अपराध शाखा ने करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की। वहीं राज कुंद्रा का बयान दूसरी बार दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें आगे भी पूछताछ के लिए समन भेजा जाएगा।
विदेश यात्रा पर लगी रोक, कोर्ट ने ठुकराई याचिका
बॉम्बे हाई कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की विदेश यात्रा की अनुमति संबंधी याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने साफ किया कि यदि वे अमेरिका या अन्य किसी देश की यात्रा करना चाहते हैं, तो पहले उन्हें 60 करोड़ रुपये की राशि जमा करनी होगी। इसके साथ ही, कोर्ट ने उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) पर भी रोक लगाने से इनकार कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी पर कारोबारी दीपक कोठारी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कोठारी का दावा है कि कपल ने उन्हें लोन-कम-इन्वेस्टमेंट डील के नाम पर करीब 60 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। इस संबंध में अगस्त महीने में जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद EOW ने मामले की जांच शुरू की।

