Chardham Yatra 2026: मंदिर समिति ने कहा कि यह निर्णय धामों की पवित्रता, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है. इसकी वजह से भीड़ प्रबंधन भी प्रभावित होता था.
आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और श्रद्धामय बनाने के लिए प्रशासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बड़ा निर्णय लिया है. अब बदरीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर के मंदिर परिसरों के 70 मीटर दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग, रील बनाने और वीडियो रिकॉर्डिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. श्रद्धालु मंदिर के निकट पहुंचकर फोटो या वीडियो नहीं बना सकेंगे.
मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि यह निर्णय धामों की पवित्रता, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है. पिछले वर्षों में यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के समीप रील और वीडियो बनाने लगते थे, जिससे भीड़ प्रबंधन और दर्शन व्यवस्था प्रभावित होती थी. कई बार सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी सामने आती थीं.
इतने मीटर के दायरे में मोबाइल बैन
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा प्रबंधन को और बेहतर बनाएगी. 70 मीटर के दायरे में मोबाइल प्रतिबंध से जहां एक ओर धाम की गरिमा बनी रहेगी, वहीं श्रद्धालुओं को बिना व्यवधान के सरल और सुगम दर्शन का अवसर मिलेगा.
चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर समिति के सभी विश्राम गृहों को तीर्थयात्रियों की सुविधा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है. साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं. यात्रा मार्ग और धामों में व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा भी की जाएगी.
श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर समिति का फैसला
शीघ्र ही मंदिर समिति की बोर्ड बैठक आयोजित होगी, जिसमें यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक बजट प्रावधानों पर चर्चा की जाएगी. समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है.
प्रशासन और मंदिर समिति को उम्मीद है कि इस निर्णय से चारधाम यात्रा के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बेहतर होगी तथा श्रद्धालु अधिक शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान के दर्शन कर सकेंगे.

