
“RIL की 48वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो ने अपने 10 साल के परिचालन में ही 50 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।””रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को 48वीं वार्षिक आम बैठक में ऐलान किया कि कंपनी की दूरसंचार इकाई ‘रिलायंस जियो’ अगले साल की पहली छमाही में अपना आईपीओ लेकर आएगी और शेयर बाजार में लिस्ट होगी। फिलहाल देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता जियो, आरआईएल की सहायक कंपनी है। अंबानी ने बताया कि जियो ने केवल 10 साल में 50 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार कर लिया है और आने वाला आईपीओ इस बात का सबूत होगा कि जियो भी अपने वैश्विक प्रतिद्वंद्वियों की तरह विशाल मूल्य सृजन करने की क्षमता रखती है।”
आईपीओ का इंतजार खत्म
“मुकेश अंबानी ने भरोसा जताया कि जियो का आईपीओ निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा और कंपनी की आने वाली योजनाएं और भी महत्वाकांक्षी होंगी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने शेयर लिस्ट किए जाएंगे, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि लगभग 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची जा सकती है।
फिलहाल जियो प्लेटफॉर्म्स, जो रिलायंस की सभी डिजिटल संपत्तियों की नियंत्रक इकाई है, में आरआईएल की 66.3 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं मेटा (फेसबुक) के पास 10 प्रतिशत, गूगल के पास 7.7 प्रतिशत और बाकी 16 प्रतिशत हिस्सेदारी निजी इक्विटी निवेशकों के पास है। कुछ साल पहले जियो प्लेटफॉर्म्स ने फेसबुक, गूगल, सिल्वर लेक, केकेआर और अन्य वैश्विक निवेशकों से लगभग 1.52 लाख करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी। विश्लेषकों का मानना है कि जियो का उद्यम मूल्य 136 से 154 अरब डॉलर के बीच है और यदि इसी मूल्यांकन पर आईपीओ लाया गया तो यह कंपनी दुनिया की छठी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बन सकती है।”
कंपनी का बढ़ा मुनाफा
“वित्त वर्ष 2024-25 में जियो की आय 1.28 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि ईबीआईटीडीए 64,170 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का शुद्ध लाभ लगभग 25 प्रतिशत बढ़कर 7,110 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। मुकेश अंबानी ने कहा कि मुफ्त फोन कॉल से लेकर देशभर में सबसे तेज़ 5जी सेवा शुरू करने तक जियो ने ऐसे कई कदम उठाए हैं, जिनकी पहले कल्पना भी मुश्किल थी। उन्होंने पूरे देश में 5जी सेवाओं की शुरुआत को भारत में एआई क्रांति की नींव करार देते हुए कहा कि जियो न केवल हर भारतीय को मोबाइल और ब्रॉडबैंड से जोड़ेगी, बल्कि उनके घरों तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाएगी। इसके साथ ही छोटे-बड़े सभी कारोबारों के लिए सुरक्षित और सरल डिजिटल प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध कराया जाएगा। अंबानी ने दोहराया— ‘हमारा मंत्र है, सभी के लिए और हर जगह एआई उपलब्ध कराना’।”
जियो करेगी बाजार का विस्तार
“मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो अपनी स्वदेशी तकनीक के दम पर अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कदम रखेगी और कंपनी का आने वाला सफर पहले से कहीं ज्यादा उज्ज्वल होगा। इस मौके पर जियो की जिम्मेदारी संभाल रहे आकाश अंबानी ने बताया कि जियो का 50 करोड़ ग्राहकों का आधार अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस की कुल आबादी से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि आज जियो दुनिया में सबसे ज्यादा वायरलेस डेटा ट्रैफिक संभाल रही है और अब कंपनी की अगली ग्रोथ का इंजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) और बड़े उद्योगों के लिए डिजिटल समाधान होंगे। आकाश अंबानी ने यह भी कहा कि यह केवल डिजिटलीकरण नहीं, बल्कि उद्यम-स्तर की तकनीक का लोकतंत्रीकरण है। जियो आज एक ‘डीप टेक’ कंपनी के रूप में स्थापित हो चुकी है, जिसकी पूरी तकनीकी संरचना भारत में हमारे इंजीनियरों ने विकसित की है।”

