उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक बेहद शातिर गैंग का खुलासा हुआ है, जो नकली सांप-छिपकली फेंककर भीड़ में दहशत फैलाता था. उसी अफरा-तफरी में लोगों के गहनों पर हाथ साफ कर देता था. पुलिस ने इस अंतरजनपदीय गिरोह के 16 सदस्यों 8 महिलाएं और 8 पुरुष को गिरफ्तार किया है. उनके पास से कैश, गाड़ियां और वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं.
भीड़ भरे मंदिर का परिसर… लोग पूजा में व्यस्त… अचानक चीख- सांप! सांप…! एक पल में अफरा-तफरी मच जाती है. कोई पीछे हटता है, कोई गिरता है, कोई अपने गहनों को संभालने की कोशिश करता है… लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होती है.
यही था उस शातिर गैंग का तरीका, जिसने गोरखपुर और आसपास के जिलों में दहशत फैला रखी थी. नकली सांप और छिपकली के सहारे यह गिरोह लोगों को डराकर उनके कीमती जेवर साफ कर देता था.
इस गैंग की नजर हमेशा उन जगहों पर रहती थी, जहां भीड़ ज्यादा हो- मंदिर, बाजार, ऑटो या ई-रिक्शा. खासकर महिलाओं को निशाना बनाया जाता था, क्योंकि वे अक्सर सोने-चांदी के गहने पहने होती थीं.

