Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में 1,994 उम्मीदवार मैदान में हैं. जानिए सबसे अमीर उम्मीदवार कौन हैं और रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ.
बांग्लादेश में 13वां नेशनल पार्लियामेंटरी इलेक्शन 12 फरवरी को आयोजित होने जा रहा है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक देश की 300 संसदीय सीटों पर कुल 1,994 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इनमें से 256 उम्मीदवार निर्दलीय हैं, जबकि बाकी अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हैं. नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल बांग्लादेश (TIB) की ओर से जारी किए गए उम्मीदवारों के हलफनामों में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. रिपोर्ट के अनुसार कम से कम 26 उम्मीदवारों के पास 10 बिलियन टका (1,000 करोड़ टका) से अधिक की संपत्ति है. वहीं चल और अचल संपत्तियों के मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर 891 उम्मीदवार करोड़पति की श्रेणी में आते हैं.
सबसे अमीर उम्मीदवार अब्दुल अव्वाल मिंटू
फेनी-3 (सोनागाजी और दागनभुइयां) सीट से बीएनपी उम्मीदवार अब्दुल अव्वाल मिंटू सबसे अमीर उम्मीदवार के रूप में सामने आए हैं. उनके हलफनामे के अनुसार उनकी और उनकी पत्नी नसरीन फातिमा अव्वाल की कुल संपत्ति 6.07 बिलियन टका (607 करोड़ टका) है. इसमें 5.07 बिलियन टका उनकी खुद की और 1 बिलियन टका उनकी पत्नी के नाम पर दर्ज है. उन्होंने 5.15 करोड़ टका की व्यक्तिगत देनदारियां और लगभग 280 करोड़ टका के बैंक लोन की भी जानकारी दी है. उनकी पत्नी और बच्चों पर कोई देनदारी नहीं है.
दूसरे और तीसरे स्थान पर बीएनपी उम्मीदवार
चट्टोग्राम-4 सीट से बीएनपी उम्मीदवार मोहम्मद असलम चौधरी दूसरे स्थान पर हैं. उनकी, उनकी पत्नी जमिला नाज़नीन मौला और बेटी मेहरीन अंहार की संयुक्त संपत्ति 4.74 बिलियन टका (474 करोड़ टका) है. उन्होंने 345 करोड़ टका के बैंक ऋण की जानकारी दी है. तीसरे स्थान पर मयमनसिंह-11 सीट से बीएनपी उम्मीदवार फखर उद्दीन अहमद हैं. उनकी कुल संपत्ति 2.99 बिलियन टका (299 करोड़ टका) है. उन्होंने 15 करोड़ टका के बैंक लोन की घोषणा की है.
चौथे स्थान पर जकारिया ताहेर
कुमिल्ला-8 सीट से बीएनपी उम्मीदवार जकारिया ताहेर चौथे स्थान पर हैं. उनकी और उनकी पत्नी नाजनीन अहमद की संयुक्त संपत्ति 2.92 बिलियन टका (292 करोड़ टका) है. उनके हलफनामे में किसी बकाया लोन का उल्लेख नहीं है.
टॉप 10 में तीन निर्दलीय उम्मीदवार
टॉप 10 अमीर उम्मीदवारों की सूची में 256 निर्दलीय उम्मीदवारों में से तीन शामिल हैं. तांगाइल-8 से निर्दलीय उम्मीदवार सलाउद्दीन आलमगीर पांचवें स्थान पर हैं. उनकी और उनकी पत्नी की संयुक्त संपत्ति 2.83 बिलियन टका (283 करोड़ टका) है. पूर्व बीएनपी सांसद और वर्तमान निर्दलीय उम्मीदवार MAH सलीम छठे स्थान पर हैं. वह 3 सीटों बागेरहाट-1, 2 और 3 से चुनाव लड़ रहे हैं. उनकी कुल संपत्ति 2.62 बिलियन टका (262 करोड़ टका) है और उन्होंने 3.5 करोड़ टका की देनदारी घोषित की है. नोआखाली-6 से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद फजलुल अजीम नौवें स्थान पर हैं. उनकी कुल संपत्ति 1.90 बिलियन टका (190 करोड़ टका) है, जिसमें 21 करोड़ टका उनकी पत्नी के नाम पर है.
BNP के 7 उम्मीदवार टॉप 10 में
टॉप 10 की सूची में सात उम्मीदवार बीएनपी से हैं. चांदपुर-2 से एमडी जलाल उद्दीन सातवें स्थान पर हैं, जिनकी संयुक्त संपत्ति 2.49 बिलियन टका (249 करोड़ टका) है.बोगुरा-5 से गोलाम मोहम्मद सिराज आठवें स्थान पर हैं. उनकी और उनके परिवार की संपत्ति 2.04 बिलियन टका (204 करोड़ टका) है. उन्होंने 27 लाख टका के बैंक लोन की जानकारी दी है. दसवें स्थान पर शरियतपुर-2 से BNP उम्मीदवार एमडी साफीकुर रहमान हैं. उनकी कुल संपत्ति 1.85 बिलियन टका (185 करोड़ टका) है और उन्होंने 41 करोड़ टका से अधिक के बैंक ऋण घोषित किए हैं.
विशेषज्ञों की चिंता
चुनाव विशेषज्ञ जैस्मिन तुली ने कहा कि जो लोग सार्वजनिक धन नहीं लौटाते, वे जनता की सेवा कैसे कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जब तक राजनीतिक दल पारदर्शी और योग्यता आधारित नामांकन प्रक्रिया नहीं अपनाएंगे, तब तक चुनावी व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है.

