IND vs PAK: आईसीसी टी20 विश्वकप में भारत के साथ मैच खेलने के लिए पाकिस्तान हामी भर चुका है लेकिन इसके पहले पीसीबी चीफ नकवी ने आर्मी चीफ मुनीर को भी इसमें घसीट लिया.
ना,ना करते-करते पाकिस्तान ने आखिरकार भारत के साथ टी20 मैच खेलने पर हामी भर दी है, इसके साथ ही हफ्तों से चला आ रहा मैच होने या न होने का सस्पेंस भी खत्म हो गया. भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्डकप में मैच पर सहमति बनने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख नकवी ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर का नाम उछालकर नया बखेड़ा खड़ा करने की कोशिश की. गीदड़भभकी देते मुनीर ने कहा कि वह भारत और आईसीसी की धमकियों से नहीं डरते हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी चीफ और पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मिलिट्री लीडरशिप को बातचीत में घसीटते हुए नजर आए. उनके इस रुख को एक्सपर्ट क्रिकेट विवाद को सिविल-मिलिट्री विवाद की शक्ल देने का प्रयास मानते हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए नकवी ने कहा कि पाकिस्तान दृढ़ संकल्पित है और दबाव से नहीं डरता है.
नकवी ने गीदड़भभकी देते हुए कहा, “न तो मैं भारत और आईसीसी की धमकियों से डरता हूं, न ही पाकिस्तान सरकार डरती है, और जहां तक फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की बात है, आप उनके बारे में पहले से ही जानते हैं, वह कभी नहीं डरते.”
IND vs PAK मैच को लेकर लिया यूटर्न
पहले जहां पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से लेकर नकवी तक भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले को बायकॉट करने की बात कह रह थे. 1 फरवरी को बाकयदा पाकिस्तानी सरकार के एक्स हैंडल पर पोस्ट कर भारत के साथ मैच न खेलने की घोषणा की गई, लेकिन यह सुर धीरे-धीरे बदलने लगे और आखिरी में पड़ोसी मुल्क भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्डकप में उतरने को राजी हो गया. पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने आईसीसी पैनल के साथ हुई घंटों लंबी बातचीत की जानकारी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को दी थी, जिसके बाद पाक पीएम ने मैच को लेकर ‘ग्रीन सिग्नल’ दिखाया था.
भारत-पाकिस्तान टी20 मैच कब होगा?
टी20 वर्ल्डकप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को आमने सामने होंगी. यह मुकाबला श्रीलंका में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा, मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा. दोनों टीमें ग्रुप ए का हिस्सा हैं. भारत जहां पहले मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से पटखनी दे चुकी है. वहीं, पाकिस्तान को 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से जीत मिली थी.

