
अक्षय खन्ना और रणवीर सिंह हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ में नजर आए हैं, जहां दोनों ने अपनी दमदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है और खासतौर पर अक्षय खन्ना को इससे जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली है। उनकी एक्टिंग और डांसिंग स्किल्स की हर तरफ तारीफ हो रही है और सोशल मीडिया पर भी उनका क्रेज साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं और उन्होंने ‘हमजा’ के किरदार में जान डाल दी है। दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री और अभिनय को देखते हुए फैंस के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इन दोनों में से कौन ज्यादा अमीर है।
रणवीर सिंह की नेटवर्थ
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह की कुल नेटवर्थ करीब 400 करोड़ रुपये बताई जाती है। उनकी ब्रांड वैल्यू लगभग 170.7 मिलियन डॉलर है। न्यूज18 के अनुसार, रणवीर एक फिल्म के लिए 30 से 50 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं, जबकि एक ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए 3 से 5 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के लिए उनकी फीस करीब 80 लाख रुपये तक बताई जाती है। प्रॉपर्टी की बात करें तो रणवीर के पास मुंबई में करीब 40 करोड़ रुपये का 5BHK अपार्टमेंट, 119 करोड़ रुपये का सी-फेसिंग बंगला और 16 करोड़ रुपये का एक अन्य अपार्टमेंट है। इसके अलावा अलीबाग में उनका 22 करोड़ रुपये का लग्जरी विला भी है। कार कलेक्शन में रेंज रोवर, जगुआर, मर्सिडीज-बेंज और लैम्बोर्गिनी जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं।
कितने अमीर हैं अक्षय खन्ना?
वहीं अक्षय खन्ना की नेटवर्थ बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 167 करोड़ रुपये है। अक्षय सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं, इसलिए उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा फिल्मों और निवेश से आता है। मुंबई के जुहू इलाके में उनका एक शानदार बंगला है और उनका रियल एस्टेट पोर्टफोलियो 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का बताया जाता है। कार कलेक्शन की बात करें तो अक्षय के पास मर्सिडीज-बेंज, BMW 5 सीरीज और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी कारें हैं। अक्षय खन्ना लाइमलाइट से दूर, सादा और शांत जिंदगी जीना पसंद करते हैं।

