
पंजाब व चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है। मैदानी इलाकों में लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। हालात यह हैं कि तापमान 44 डिग्री तक पहुंच रहा है। भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर है कि जल्द ही मौसम में बदलाव हो सकता है। पंजाब व चंडीगढ़ में गर्मी झेल रहे लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है। मौसम में यह बदलाव दो दिन बाद हो रहा है। मई की शुरुआत में सूबे के लोगों को बारिश से राहत की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने एक मई से चार दिनों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान खास तौर से एक मई को मौसम ज्यादा खराब रहेगा। मौसम में बदलाव के बाद पंजाब में कईं जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पंजाब के छह जिलों का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा
पंजाब में सबसे गर्म बठिंडा रहा। सोमवार को बठिंडा का तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, सबसे कम 17.8 डिग्री का न्यूनतम पारा मोगा का दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री, लुधियाना का 40.5 डिग्री, पटियाला का 40.3 डिग्री, पठानकोट का भी 40.3 डिग्री, फिरोजपुर का 40.3 डिग्री, जालंधर का 39.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 19.7 डिग्री, लुधियाना का 20.8 डिग्री, पटियाला का 22.5 डिग्री, पठानकोट का 20.2, बठिंडा का 19.4 डिग्री (सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे), फिरोजपुर का 40.3 डिग्री, जालंधर का 39.1 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना
राजधानी चंडीगढ़ में भी लोग भीषण गर्मी झेल रहे हैं। दो मई से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बन रही है। शहर का तापमान भी 40 डिग्री तक पहुंच रहा है। तेज धूप के कारण लोगों को पूरे दिन गर्मी का सामना करना पड़ा। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। डॉक्टरों ने इस भीषण गर्मी में अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।