मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को शहर के दशहरा ग्राउंड में दोपहर एक बजे जन संवाद करेंगे। जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतों व समस्याओं को सुनेंगे। साथ ही सरकार की योजनाओं से लोगों को अवगत कराएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारी व कर्मचारी देर रात तक जुटे रहे। इसके लिए दशहरा ग्राउंड में उगी ऊंची घास को काट दिया गया। मिट्टी डाल कर ग्राउंड को समतल किया गया है। वहीं पेड़ों पर भी रंग, रोगन किया गया। ग्राउंड में ही मंच के सामने ईंटों से छोटा मंच तैयार किया गया है। दशहरा ग्राउंड में जन संवाद स्थल का यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा के साथ तैयारियों का जायजा लिया। घनश्याम दास ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल राज्य की सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। वह दोपहर एक बजे दशहरा ग्राउंड में पहुंचेंगे। लोकतंत्र में जन संवाद के माध्यम से ही आम जनता व सरकार के बीच संतुलन बना रहता है। सभी अधिकारियों का जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित रहना जरूरी है। सभी अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं से अपडेट रहे।